#अपराध

September 14, 2026

हिमाचल : पहले रिश्ता और सगाई- फिर इलाज का बहाना…शादी के नाम पर लाखों की लूट, केस दर्ज

आरोपी की बैंक डिटेल खंगाल रही पुलिस टीम

शेयर करें:

Marriage Fraud Scam Himachal Hamirpur kangra police investigation

हमीरपुर। बेटे की शादी की उम्मीद में एक पिता ने भरोसे के चलते रकम तो दे दी, लेकिन न रिश्ता तय हुआ और न ही पैसे वापस मिले। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के सदर थाना क्षेत्र में रिश्ता करवाने के नाम पर एक व्यक्ति से कुल 1.35 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है।

सगाई और रिश्ते के नाम पर लूटे पैसे

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने पहले रिश्ता तय करवाने के नाम पर पैसे लिए और बाद में सगाई के कपड़ों और लड़की की मां के इलाज के नाम पर रकम लेता रहा। मामले में बुरनाड़ निवासी प्रेम चंद की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की बिटिया ने बढ़ाया मान- सेना में मेजर बनीं आंचल, वर्दी पर सितारे देख मां-बाप भावुक

जान-पहचान के चलते बेटे के लिए रिश्ता मांगा

प्रेम चंद के अनुसार वह शादी समारोहों में रसोइये का काम करते हैं। इसी दौरान उनकी जान-पहचान कांगड़ा जिले के एक व्यक्ति से हुई, जो उनके साथ कई वर्षों से काम करता था।

रिश्ता करवाने का दिया भरोसा

इसी जान-पहचान के आधार पर प्रेम चंद ने उससे अपने छोटे बेटे के लिए रिश्ता करवाने की बात कही। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने एक लड़की से रिश्ता करवाने का भरोसा दिया और बातचीत आगे बढ़ाने के लिए पैसे भेजने को कहा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में गांजा तस्कर की 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज : जमीन, मकान और Scorpio-N शामिल

पहले 20 हजार, फिर सगाई के नाम पर रकम

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी के कहने पर उन्होंने गूगल पे के जरिए एक अन्य व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर 20 हजार रुपये भेजे। इसके बाद लड़की के परिवार के लिए सगाई के कपड़े खरीदने की बात कही गई और इसके नाम पर भी 20 हजार रुपये लिए गए। परिवार को उम्मीद थी कि अब रिश्ता आगे बढ़ेगा और जल्द ही शादी की तैयारियां शुरू होंगी।

लड़की की मां के घायल होने की बात

शिकायत के अनुसार 29 जनवरी 2024 को आरोपी ने प्रेम चंद को फोन कर बताया कि वह लड़की के परिवार को लेकर उनके घर आ रहा है। परिवार उसके आने का इंतजार करता रहा, लेकिन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक कोई नहीं पहुंचा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में देवी मां के दर पर बड़ी चोरी : मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण गायब, CCTV भी उठा ले गए

इलाज के लिए मांगे पैसे

इसके बाद कथित तौर पर बताया गया कि लड़की की मां पेड़ से गिरकर घायल हो गई है और उसे इलाज के लिए जालंधर के अस्पताल ले जाना है। इसके बाद इलाज के नाम पर भी शिकायतकर्ता से अलग-अलग तारीखों में पैसे लिए गए। इस तरह शिकायतकर्ता के अनुसार कुल 1.35 लाख रुपये आरोपी को दिए गए।

न रिश्ता हुआ, न पैसे वापस मिले

रकम देने के बावजूद जब शादी की बातचीत आगे नहीं बढ़ी तो प्रेम चंद ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। उनका आरोप है कि आरोपी ने रकम लौटाने के बजाय टालमटोल की। आखिरकार उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि रकम किस-किस खाते या मोबाइल नंबर पर भेजी गई। आरोपी ने रिश्ता करवाने का भरोसा किस आधार पर दिया और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

यह भी पढ़ें- भोलेनाथ के दर्शन को निकले थे 5 श्रद्धालु, चूड़धार के जंगलों में लापता- रात भर नहीं मिला सुराग

पुलिस ने दर्ज की FIR

SP हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख