#अपराध
February 6, 2025
हिमाचल : बिचौलिए ने दूल्हे को लगाया लाखों का चूना, शादी के बाद गहने लेकर दुल्हन हुई फरार
शादी के नाम पर युवक से ठगे लाखों रुपए
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में कुछ समय से अनोखे मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से सामने आया है। यहां भोरंज उपमंडल में एक युवक के साथ शादी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी हुई है।
मामले में युवक ने अपनी पत्नी और बिचौलिए के खिलाफ भोरंज थाने में FIR दर्ज करवाई है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी गहने और पैसे लेकर फरार हो गई है।
शिकायतकर्ता जितेश शर्मा ने बताया कि वो भोरंज के साही गांव का रहने वाला है। बीती 13 दिसंबर को उसने मंडी जिले के सरकाघाट के रहने वाले बलदेव शर्मा ने बिचौलिया बन उसकी शादी करवाई थी। शादी करवाने की एवज में बिचौलिये ने उससे एक लाख 50 हजार रुपए लिए थे।
बलदेव शर्मा बबीता नाम की लड़की को भोरंज कोर्ट में शादी करने के लिए ले आया था। मगर लड़की के पास कोई प्रमाण पत्र नहीं था। ठगों ने यकीन दिलवाया कि अभी वो प्रमाण पत्र लाना भूल गए हैं- जल्द ही सभी दस्तावेज उपलब्ध करवा देंगे। ऐसे में वकील ने शपथ पत्र के माध्यम से दोनों की बबीता और जितेश की शादी करवा दी थी।
इसके बाद जितेश ने परिजनों के समक्ष पूरे विधि-विधान से अपने मूल गांव के मंदिर में भी शादी की। शादी के करीब चार दिन बाद युवती ने अपनी मां के बीमार होने का बहाना बनाया और यमुनानगर जगादरी चली गई। इस दौरान जितेश भी उसके साथ यमुनानगर गया।
जितेश ने बताया कि अस्पताल में बलदेव और एक महिला पहले से ही मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बबीता की मां बहुत बीमार है और ICU में दाखिल है। ऐसे में डॉक्टर उनसे मिलने नहीं दे रहे हैं। इसी बीच बबीता ने जितेश को वापस घर भेज दिया और कहा कि वो मां के ठीक होते ही घर आ जाएगी।
जितेश वापस घर आया, लेकिन बाद में जब उसने बबीता को फोन किया तो बबीता ने उसके फोन का कोई जवाब नहीं दिया। जितेश ने बिचौलिये बलदेव को फोन किया तो वो भी टालमटोल करने लगा। ऐसे में जितेश को ठगी का शक हुआ।
जितेश ने बताया कि उसने बिचौलिए से पैसे लौटाने के लिए कहा, लेकिन वो पैसे वापस करने से मना कर रहा है। जबकि, बबीत भी घर से गहने और कुछ कैश लेकर कहीं गायब हो गई है। शातिरों ने योजना बना कर शादी के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की है। मामले की पुष्टि करते हुए भोरंज थाना के SHO प्रशांत ठाकुर ने बताया कि धोखाधड़ी के इस केस में FIR कर दी गई है। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
आपको बता दें कि हाल ही में ऐसा एक मामला हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से सामने आया था। जहां बारात लेकर दुल्हन लेने पहुंचे दूल्हे को बिना दुल्हन के वापस आना पड़ा था। वहां पर भी बिचौलन बनी भाभी ने पैसों के लालच में सारा ड्रामा रचा था। इस शादी की हर तरफ काफी चर्चा हो रही है।