#अपराध
July 12, 2026
हिमाचल पुलिस के हत्थे चढ़े 6 युवक : कार से मिली डेढ़ किलो चरस, बड़े नेटवर्क से कनेक्शन
मोबाइल फोन और नेटवर्क की होगी गहन जांच
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पुंघ फोरलेन पर की गई नाकाबंदी के दौरान अलग-अलग दो वाहनों से लाखों की चरस बरामद की है।
दोनों मामलों में छह युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS स एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। अब पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किस नेटवर्क के माध्यम से की जानी थी।
पहली कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जांच के लिए एक एप्लाइड फॉर कार को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 914 ग्राम चरस मिली। बरामदगी के बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इसी दिन पुलिस ने कुल्लू की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार को भी जांच के लिए रोका। संदेह होने पर वाहन की गहन तलाशी ली गई, जिसमें 512 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद कार में सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
SP मंडी विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में NDPS एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने का प्रयास करेगी। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि चरस की खेप किस व्यक्ति या गिरोह से खरीदी गई थी और इसे प्रदेश या प्रदेश से बाहर किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, चैट, डिजिटल डाटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपियों के संबंध किसी बड़े अंतर्राज्यीय नशा तस्करी गिरोह से तो नहीं हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा होता है तो उससे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंडी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।