#अपराध
September 20, 2025
गांव के ही चार युवकों ने जमीनी विवाद के लिए किया ऐसा काम

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के उपमंडल जवाली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बनोली पंचायत में जमीनी विवाद के चलते एक व्यक्ति पर दराट से जानलेवा हमला कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 57 वर्षीय करनैल सिंह गुरुवार देर रात अपने घर के बाहर कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक कुछ लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने दराट से करनैल सिंह की गर्दन पर वार किया- जिससे उसे गहरा घाव लगा और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया।
करनैल की चिल्लाने की आवाज सुनकर तुरंत उसकी बेटी अपने कमरे से बाहर आई। पिता की हालत देखकर बेटी के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसी बीच चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण बाहर पहुंचे और घायल को तुरंत उपचार के लिए अमृतसर ले जाया गया।
करनैल की बेटी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपने कमरे में सो रही थी। अचानक बाहर से उसके पिता की चीखें सुनाई दीं। जब वह बाहर आई तो देखा कि गांव के ही चार लड़के उसके पिता से मारपीट कर रहे थे।
तभी उनमें से एक ने दराट से उनके पिता की गर्दन पर वार कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। भागते हुए वे खून से सना दराट घटनास्थल पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वहीं, करनैल सिंह की हालत अभी गंभीर बनी हुई है- उसे उपचार के लिए अमृतसर के निजी अस्पताल में ICU में भर्ती किया गया है।
सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान शोभा देवी ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस थाना जवाली की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घायल की पत्नी बीना देवी, पुत्री किरण और अन्य परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।
SP नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दराट को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। हमलावर कौन थे और किस कारण से इस घटना को अंजाम दिया गया, इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो आखिरकार खौफनाक वारदात में बदल गया। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।