#अपराध
March 30, 2026
हिमाचल : दुकान में 30 लाख की चोरी, सुनार ने खुद ही बंद किया था CCTV- अब हो रहा पछतावा
शटर तोड़ दुकान में घुसे चोर, सोने-चांदी के गहने और कैश गायब
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में चोरी की एक बड़ी वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हरोली उपमंडल के सलोह गांव में स्थित एक सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपए के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
हैरानी की बात यह है कि वारदात से पहले दुकानदार ने खुद ही CCTV कैमरे बंद कर दिए थे, जिसका अब उन्हें गहरा पछतावा हो रहा है। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाते हुए दुकान का शटर और ताले तोड़कर हाथ साफ कर दिया।
देर रात दुकान के शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने दुकान में रखी करीब 8 किलोग्राम चांदी, 100 ग्राम सोना और लगभग 80 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। इतनी बड़ी मात्रा में की गई चोरी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पहले से ही दुकान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

दुकान के मालिक अजय कौशल के अनुसार, वह शनिवार शाम रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार को वह कुछ समय के लिए अपने बच्चों के साथ दुकान पर आए जरूर, लेकिन खराब मौसम के चलते उन्होंने एहतियातन दुकान में लगे CCTV कैमरे और अन्य बिजली उपकरण बंद कर दिए।
यही लापरवाही चोरों के लिए मौका बन गई और उन्होंने उसी रात वारदात को अंजाम दे दिया। सोमवार सुबह जब दुकान के मकान मालिक ने दुकान के ताले टूटे देखे तो तुरंत अजय कौशल को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए।

दुकान पूरी तरह से अस्त-व्यस्त थी और कीमती गहने व नकदी गायब थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ASP सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, दुकान के अंदर लगे कैमरे बंद होने के कारण पुलिस को अहम सुराग नहीं मिल पाए हैं। मगर आसपास के कैमरों से कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस घटना के बाद सलोह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की वारदातें पहले कम होती थीं। मगर अब चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला पेशेवर चोरों का लग रहा है, जिन्होंने पूरी योजना के तहत दुकान को निशाना बनाया। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।