#धर्म
March 30, 2026
हिमाचल के शक्तिपीठों में आस्था का सैलाब, चेत्र नवरात्र में भक्तों ने चढ़ाया 3.80 करोड़ का चढ़ावा
माता के चरणों में श्रद्धा के साथ दान किया अर्पित
शेयर करें:

शिमला। चैत्र नवरात्र के दौरान हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में इस बार भक्तों का जबरदस्त सैलाब देखने को मिला। देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे और पूरे श्रद्धा भाव के साथ माथा टेका। इस दौरान भक्तों ने दिल खोलकर चढ़ावा चढ़ाया, जिससे मंदिरों में करोड़ों रुपये का नकद दान इकट्ठा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के चार प्रमुख शक्तिपीठों में इस बार कुल मिलाकर करीब 3 करोड़ 80 लाख 15 हजार 945 रुपये का नकद चढ़ावा आया है। यह आंकड़ा भक्तों की गहरी आस्था और विश्वास को साफ दिखाती है।
सबसे ज्यादा चढ़ावा श्री नैना देवी मंदिर में प्राप्त हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने करीब 1 करोड़ 35 लाख 6 हजार 377 रुपये अर्पित किए। पूरे नवरात्र के दौरान यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और दर्शन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
इसके अलावा चिंतपूर्णी मंदिर में भी भक्तों की अच्छी खासी भीड़ रही और यहां करीब 91 लाख 2 हजार 752 रुपये का नकद चढ़ावा मिला। वहीं, ज्वालाजी मंदिर में करीब 99 लाख 77 हजार 209 रुपये और कांगड़ा स्थित ब्रजेश्वरी देवी मंदिर में लगभग 54 लाख 29 हजार 607 रुपये का चढ़ावा दर्ज किया गया। हर मंदिर में श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में श्रद्धा के साथ दान अर्पित किया।
नवरात्र के दौरान मंदिरों में सुरक्षा और सुविधाओं का भी खास ध्यान रखा गया। भीड़ को संभालने के लिए प्रशासन की ओर से उचित इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और वे आराम से दर्शन कर सकें।
हालांकि, चामुंडा देवी मंदिर में अभी चढ़ावे की गिनती पूरी नहीं हुई है, इसलिए वहां का पूरा आंकड़ा सामने आना बाकी है। उम्मीद है कि वहां का चढ़ावा जोड़ने पर कुल राशि और भी बढ़ सकती है। इस बार चैत्र नवरात्र के दौरान हिमाचल के शक्तिपीठों में भक्तों ने रिकॉर्ड तोड़ चढ़ावा चढ़ाया है और करोड़ों रुपये मंदिरों में जमा हुए हैं, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को दिखाता है।