#अपराध
June 6, 2026
हिमाचल: कॉलेज छात्र की किराये के कमरे में मिली देह, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; बेसुध हुई मां
मां बाप ने पढ़ने भेजा था बेटा, अब देह लेकर घर लौटे, मचा कोहराम
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिस बेटे को परिवार ने बड़े सपनों और उम्मीदों के साथ उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए घर से दूर भेजा थाए उसी बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। हॉर्टिकल्चर कॉलेज थुनाग के एक छात्र का शव उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर पुत्र कुलदीप ठाकुर निवासी सुंगलए तहसील पालमपुरए जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। देवन ठाकुर औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग में बागबानी (हॉर्टिकल्चर) अंतिम वर्ष का छात्र था। परिवार और रिश्तेदारों के अनुसार देवन पढ़ाई में मेहनती था और अपने भविष्य को लेकर कई सपने संजोए हुए था। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि उसकी जिंदगी का सफर इस तरह अचानक खत्म हो जाएगा।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू के CBSE स्कूलों में 'टीचर संकट', पढ़ाई ठप होने से 200 बच्चों ने स्कूल को कहा अलविदा
शनिवार सुबह जब देवन की मां ने बेटे को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो मां की चिंता बढ़ गई। उन्होंने तुरंत मकान मालिक को फोन कर बेटे का हालचाल जानने की गुजारिश की। मकान मालिक जब देवन के कमरे तक पहुंचा और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद दरवाजे को धक्का देने पर वह खुल गया।
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर मकान मालिक के पैरों तले जमीन खिसक गई। देवन ठाकुर कमरे में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को दी गई। देखते ही देखते आसपास के क्षेत्र में यह खबर फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी।
यह भी पढ़ें : नीरज भारती मामले में मंत्री चंद्र कुमार ने तोड़ी चुप्पी, बोले- जब बाप का जूता बेटे के पैर में आने लगे तो समझाना...
जैसे ही परिवार को बेटे की मौत की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि बेटे के निधन की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गई, जबकि अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं। जिस बेटे को डिग्री हासिल कर परिवार का सहारा बनने के लिए भेजा गया था, उसकी मौत ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, करना होगा निजी अस्पतालों का हिमकेयर भुगतान- जानें
घटना की सूचना मिलते ही गोहर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मानकर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : देर रात गहरी खाई में गिरा एलएनटी मशीन से लदा ट्रक, नहीं बच पाया चालक संतोष
घटना की जानकारी मिलते ही औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग के डीन पी.एल. शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौके पर पहुंचे। कॉलेज प्रशासन ने छात्र की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।