#हादसा
June 6, 2026
हिमाचल : देर रात गहरी खाई में गिरा एलएनटी मशीन से लदा ट्रक, नहीं बच पाया चालक संतोष
काफी संकरी और कई स्थानों पर खराब थी सड़क
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सराज क्षेत्र की बगस्याड़-शिकावरी सड़क पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना देर रात करीब 10:45 बजे हुई। ट्रक में भारी एलएनटी मशीन लदी हुई थी और वह शिकावरी की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जिस सड़क पर यह वाहन चल रहा था, वह काफी संकरी और कई स्थानों पर खराब स्थिति में है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटका, करना होगा निजी अस्पतालों का हिमकेयर भुगतान- जानें
रास्ते की कठिनाइयों को देखते हुए ट्रक में मौजूद दूसरा व्यक्ति वाहन से उतरकर चालक को सुरक्षित दिशा दिखाने के लिए सड़क किनारे पैदल चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांढी गांव से कुछ दूरी आगे पहुंचते ही ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में लुढ़क गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के समय पीछे से आ रही एक कार में सवार स्थानीय व्यक्ति ने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कठिन परिस्थितियों के बीच खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए बगस्याड़ अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की आज अहम बैठक, नौकरियों सहित किसानों के मुद्दों पर हो सकते हैं बड़े फैसले
हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 38 वर्षीय संतोष कुमार निवासी गैहरा, सरकाघाट के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति, भारी मशीन का वजन और वाहन के संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।