#अपराध
July 7, 2025
हिमाचल के युवक की बठिंडा में ट्रक के अंदर मिली देह, औंधे मुंह पड़ा था; पसरा मातम
हिमाचल से ट्रक में बिस्किट की खेप लेकर गया था बठिंडा
शेयर करें:

ऊना/बठिंडा। हिमाचल के युवक का पंजाब के बठिंडा में शव मिला है। युवक ट्रक चालक था और ट्रक लेकर ही पंजाब के बठिंडा गया था। लेकिन आज सोमवार को उसका सड़क किनारे खड़े ट्रक के अंदर शव मिला। जिसकी सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया है। परिजनों ने कभी उम्मीद भी नहीं की थी कि उन्हें इस तरह का कोई समाचार सुनने को मिलेगा।
दरअसल सोमवार को बठिंडा के गोनियाना रोड स्थित झील नंबर.2 के पास खड़े ट्रक से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले निवासी 32 वर्षीय रवि सैनी के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक चालक था। स्थानीय लोगों ने सुबह से ही ट्रक को एक ही स्थान पर खड़ा देखकर शक जताया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना थर्मल पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के केबिन की जांच की गई, जहां युवक की लाश औंधे मुंह पड़ी हुई थी। शव की हालत देखकर लग रहा था कि उसकी मौत कई घंटे पहले हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: "नकाब पहन कर करते हैं बेड टच", डरी सहमी छात्राओं की आपबीती सुन सन्न रह गए परिजन
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड को सूचित किया गया। ब्रिगेड के सदस्य संदीप गिल और किशन थापर तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रक के केबिन में शव को सावधानीपूर्वक चादर में लपेटकर नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया। वहीं मृतक के परिजनों को भी सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें : बाढ़ के मलबे में दफन हुआ बैंक, लाखों की नगदी-फाइलें; लोगों के गहने सब तबाह
जानकारी के अनुसार मृतक रवि सैनी बिस्किट की खेप बठिंडा में डिलीवर करने के बाद ट्रक को झील के पास खड़ा कर आराम कर रहा था। इसी दौरान संभवतः उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सरबजीत सिंह बराड़ खुद मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ ट्रक और आसपास के इलाके की जांच करवाई।
यह भी पढ़ें : केंद्र देगा 2006 करोड़ की आपदा राहत राशि, पहले सुक्खू सरकार को चुकाने होंगे 500 करोड़- जानें शर्त
डीएसपी बराड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी तरह की बाहरी चोट या हिंसा के संकेत नहीं मिले हैं। परिवार के बयान के आधार पर पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों की पुष्टि हो सके।