#अपराध
September 13, 2026
हिमाचल में खाकी पर भारी पड़ा कार चालक! 3 नाके तोड़े-कई वाहनों को ठोका... पुलिस को चकमा दे पंजाब फरार
कार चालक ने नाकेबंदी की उड़ाईं धज्जियां, बॉर्डर पार कर उड़ाए पुलिस के होश
शेयर करें:

गगरेट (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट में शनिवार को एक संदिग्ध कार चालक ने ऐसा तांडव मचाया कि पुलिस के कई नाके धरे के धरे रह गए। पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर चालक ने पहले नाका तोड़ा और फिर रास्ते में आने वाले वाहनों को टक्कर मारते हुए तेज रफ्तार में फरार होता चला गया। पुलिस ने पीछा किया, नाकेबंदी की और कार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।
मामला यहीं नहीं रुका। गगरेट से शुरू हुआ कार का यह पीछा पंडोगा तक पहुंचा और आखिरकार चालक पुलिस की पकड़ से बाहर निकलकर कार को पंजाब की तरफ ले जाने में कामयाब हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला और भी चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को यातायात पुलिस ने गगरेट-होशियारपुर मार्ग पर आशादेवी के समीप नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान होशियारपुर की ओर से एक ब्रेजा कार वहां पहुंची। कार पर अप्लाइड फॉर नंबर प्लेट लगी बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दो युवकों ने लू*ट ली महिला पुलिस कर्मी... बातों में उलझा कर गहने - मोबाइल लेकर हुए फरार
पुलिस कर्मियों ने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और नाका तोड़ते हुए गगरेट की ओर निकल गया। अचानक हुई इस घटना से पुलिस कर्मियों में भी हड़कंप मच गया। इसके बाद यातायात पुलिस ने आगे गगरेट चौक पर तैनात पुलिस कर्मियों को कार के बारे में सूचना दी।
कार जैसे ही गगरेट चौक के पास पहुंची, पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने यहां भी पुलिस के निर्देशों को अनसुना कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने रास्ते में खड़े कई वाहनों को टक्कर मारी और कार को ऊना की दिशा में तेज गति से दौड़ा दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने आया था 27 वर्षीय पंजाबी युवक, बिना नंबर बाइक से करता था तस्करी
इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद कार चालक ने ऊना रोड पर चिकन शॉप के समीप एक बस को भी टक्कर मार दी। इतनी घटनाओं के बावजूद चालक ने कार रोकने के बजाय रफ्तार और बढ़ा दी।
कार के लगातार भागने की सूचना गगरेट पुलिस को मिल चुकी थी। पुलिस ने बड़ोह में भी नाकाबंदी कर कार को रोकने की तैयारी की। जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, पुलिस कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने बड़ोह नाका भी तोड़ दिया और कार लेकर आगे निकल गया। इसके बाद पुलिस ने अपने वाहन से संदिग्ध कार का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस और कार चालक के बीच पीछा पंडोगा तक चला, लेकिन तेज रफ्तार कार चालक एक बार फिर पुलिस को चकमा देने में सफल रहा।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार बिजली बिलों से भर रही खाली खजाना! सेस-शुल्क से 2151.46 करोड़ की हुई कमाई
पंडोगा तक पीछा किए जाने के बाद चालक कार को पंजाब की ओर ले जाने में कामयाब रहा। इस तरह हिमाचल में कई पुलिस नाकों को तोड़ने और रास्ते में वाहनों को टक्कर मारने के बाद संदिग्ध कार चालक पुलिस की पकड़ से बाहर निकल गया। घटना के बाद अब पुलिस संदिग्ध कार और उसके चालक की तलाश में जुटी है। सोशल मीडिया पर घटना से संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई भी तेज हुई है।
यह भी पढ़ें : श्रीनयना देवी मंदिर की रसोई में पहुंचे SDM : पुजारी ने जड़े आरोप, क्या सच में भंग हुई परंपरा...जानें
पूरी घटना ने पुलिस और आम लोगों के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर चालक पुलिस को देखते ही क्यों भागा? उसने बार-बार नाकाबंदी तोड़ने का जोखिम क्यों उठाया? रास्ते में वाहनों को टक्कर लगने के बावजूद उसने कार क्यों नहीं रोकी? और सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कार में ऐसा क्या था, जिसे बचाने के लिए चालक ने अपनी और सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जान तक जोखिम में डाल दी? हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चालक पुलिस से क्यों भाग रहा था और कार में कोई संदिग्ध सामान था या नहीं। इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।
इस घटना ने पुलिस की नाकाबंदी और पीछा करने की रणनीति को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही कार द्वारा लगातार कई नाके तोड़े जाने के बावजूद चालक हिमाचल से निकलकर पंजाब की सीमा तक पहुंच गया। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या अलग-अलग नाकों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत थी? फिलहाल पुलिस संदिग्ध कार को ट्रेस करने और चालक तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। अब देखना यह होगा कि कई नाकों को तोड़कर पुलिस को चकमा देने वाला यह चालक कब पुलिस के हाथ आता है और जांच में आखिर इस पूरी सनसनीखेज फरारी की असली वजह क्या सामने आती है।