#अपराध

September 26, 2025

हिमाचल: तलाक के बाद फौजी ने अंशिका से बनाए थे प्रेम संबंध, बच्चा गिराने को नहीं मानी तो.....

पुलिस ने फौजी प्रवेश और उसके ताउ को कोर्ट में किया पेश

शेयर करें:

Una Anshika News

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले के बंगाणा उपमंडल की बैरियां पंचायत में 24 वर्षीय अंशिका की सनसनीखेज हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। 24 सितंबर को जिस घर से बारात उठनी थी, वहां 25 सितंबर को बेटी की अर्थी उठी। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हत्याकांड ने गांव में गुस्से और सदमे का माहौल बना दिया है।

योजनाबद्ध तरीके से हत्या

पुलिस रिमांड पर चल रहे फौजी जवान प्रवेश कुमार ने पूछताछ में कबूल किया कि 23 सितंबर की रात उसने प्रेमिका अंशिका को बुलाया और सेना से मिला धारदार चाकू निकालकर उसका गला दो बार रेता। पहचान छिपाने के लिए उसने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर शव को आग लगा दी। प्रवेश ने बताया कि अंशिका उससे लगातार पैसों की मांग कर रही थी। उसका एटीएम कार्ड युवती के पास था और वह लगभग 8 लाख रुपये खर्च कर चुकी थी। इसके बावजूद और पैसों के लिए दबाव बना रही थी। इसी तनाव और झगड़ों से तंग आकर प्रवेश ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और योजनाबद्ध तरीके से हत्या को अंजाम दिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महिला के आरोप पर बोले SDM, रोजाना करती थी फोन.. घर तक पहुंच गई थी..

शादी से पहले की पृष्ठभूमि

प्रवेश पहले से विवाहित था और तलाक के बाद अंशिका के संपर्क में आया। दोनों का प्रेम संबंध गहराता गया और चार महीने पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। हालांकि परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। बाद में मतभेद दूर होने पर 24 सितंबर को सामाजिक रीति-रिवाज से शादी तय की गई थी। घर में डोली उठाने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे एक दिन पहले ही यह दर्दनाक वारदात हो गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अंशिका करीब छह महीने की गर्भवती थी। प्रवेश चाहता था कि वह गर्भपात करा दे, लेकिन अंशिका ने इंकार कर दिया। इसी बात से दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और SDM ने किया 'कांड', पुलिस ने FIR नहीं की दर्ज- जानें पूरा मामला

ताऊ ने दिया साथ

हत्या के बाद प्रवेश ने अपने चाचा संजीव कुमार, जो कि सेवानिवृत्त फौजी हैं, को सब कुछ बताया। आरोप है कि संजीव ने उसे अपनी गाड़ी से जम्मू यूनिट तक पहुंचाया। हालांकि, जांच में यह साफ हुआ है कि संजीव हत्या की योजना में शामिल नहीं था, लेकिन हत्या के बाद आरोपी की मदद करने के कारण उसे भी आरोपित बनाया गया है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी फौजी को जम्मू से गिरफ्तार किया और शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। उसके साथ ताऊ संजीव को भी बेड़ियों में कोर्ट लाया गया। कोर्ट में पेशी के समय दोनों के चेहरे झुके हुए थे। एएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू वही था, जो प्रवेश को सेना में प्रशिक्षण के दौरान मिला था। सभी साक्ष्य जोड़े जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है।

यह भी पढ़ें : कुल्लू दशहरा में 365 साल बाद ये देवता साहिब होंगे शामिल, 200 KM की पैदल यात्रा करेंगे तय

परिवार की हालत और गांव का गुस्सा

अंशिका का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। वह अपनी मां और गोद लिए भाई के साथ एक कच्चे मकान में रहती थी। शादी के लिए पैक किया गया सामान अब भी घर के एक कोने में रखा है। गुरुवार को परिवार ने गमगीन माहौल में अंशिका का अंतिम संस्कार किया। गांववाले इस निर्मम हत्या से स्तब्ध हैं और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। जहां 24 सितंबर को घर में शहनाइयां बजनी थीं, वहीं अगले दिन वहां मातम पसरा था।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख