#अपराध
February 13, 2026
हिमाचस: चोरों ने गरीब कारीगर को भी नहीं बख्शा, दुकान से चोरी किया 1.20 लाख का सामान
सुबह दुकान देख उड़ गए होश
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में चोरी की घटनाओं में इजाफा होता जा रहा है। कहीं चोर अमीर घरों में चोरी करते हैं तो कहीं मेहनतकश गरीबों के साधारण व्यवसायों को निशाना बनाते हैं। ऐसा ही एक मामला सोलन जिले से सामने आया, जहां दो चोरों ने गैस चूल्हा और कुकर मरम्मत करने वाले एक कारीगर के खोखे से कीमती उपकरण चोरी कर लिए।
मामला जिला सोलन के धर्मपुर का है। यहां पर सुबाथु रोड स्थित रेलवे पुल के समीप गैस चूल्हा व कुकर मरम्मत करने वाले एक कारीगर ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें उसने बताया कि गैस चूल्हे, कुकर, भट्टी और अन्य घरेलू उपकरणों की मरम्मत का कार्य करते हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 31 मई तक हर हाल में वोटिंग का आदेश
रोजाना की तरह 11 फरवरी की शाम को वे अपना खोखा बंद कर घर चले गए थे। लेकिन 12 फरवरी की सुबह जब वे काम पर पहुंचे तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा की खोखे का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा कीमती सामान गायब था।
चोरी हुए सामान में पांच गैस चूल्हे, पांच किलोग्राम का एक छोटा गैस सिलेंडर, दो भट्टियां, आठ कुकर के ढक्कन और कई अन्य मरम्मत उपकरण शामिल थे। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1,20,000 रुपये आंकी गई है। इस घटना से कारीगर को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक आघात भी पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान वीरेंद्र उर्फ बाबू उम3 25 साल पुत्र लेख राम, निवासी गांव गसान, जिला सोलन तथा अभिषेक उर्फ अभी उम्र 24 साल पुत्र रविंदर मेस्सी, निवासी गांव सनावर, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : दोस्तों के साथ हिमाचल में मौज मस्ती करने आया था पंजाबी युवक, अचानक थम गई सांसें
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की जांच जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का संबंध किसी अन्य चोरी की वारदात से तो नहीं है।