#अपराध
February 13, 2026
दोस्तों के साथ हिमाचल में मौज मस्ती करने आया था पंजाबी युवक, अचानक थम गई सांसें
घूमने आए युवक दोस्त की लाश लेकर लौटेंगे
शेयर करें:

चंबा। पर्यटन राज्य हिमाचल की वादियां हर साल बाहरी राज्यों से हजारों पर्यटकों को अपनी ओर खींचती हैं। ठंडी हवाएं, देवदार के जंगल और पहाड़ों की खूबसूरती सैलानियों को सुकून और सैर.सपाटे का अनुभव देती है। लेकिन कई बार यही सैर दर्दनाक मोड़ ले लेती है और खुशियों का सफर मातम में बदल जाता है। ऐसा ही एक दुखद मामला मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से मशहूर चंबा के डलहौजी से सामने आया है, जहां दोस्तों के साथ घूमने आए एक पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
चंबा जिला के पर्यटन स्थल डलहौजी में घूमने आए पर्यटक की पहचान बलविंदर सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी गांव छलेरी कलां डाकघर पोला जिला फतेहगढ़ पंजाब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार को अपने साथियों के साथ डलहौजी भ्रमण के लिए पहुंचा था। पहाड़ों की ठंडी फिजाओं के बीच घूमने.फिरने के दौरान गुरुवार को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 31 मई तक हर हाल में वोटिंग का आदेश
तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत सिविल अस्पताल डलहौजी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया। लेकिन हालत लगातार नाजुक होती गई और चंबा पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से साथ आए मित्रों और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सूचना मिलते ही थाना डलहौजी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और भौगोलिक परिस्थितियां कई बार स्वास्थ्य पर असर डाल सकती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान पर्यटकों को अपनी सेहत को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिएए खासकर यदि पहले से कोई स्वास्थ्य समस्या हो। डलहौजी की शांत वादियों में घटी इस घटना ने एक बार फिर यह याद दिला दिया कि पहाड़ों की खूबसूरती के बीच भी स्वास्थ्य को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।