#अपराध

April 21, 2025

हिमाचल: पंजाब के बदमाशों ने दूधवाले से की लूट, पुलिस ने 3 दबोचे- लुटेरों की उम्र 18 से कम

तीन आरोपी कंडाघाट में दबोचे

शेयर करें:

Solan Crime News

सोलन। रविवार की सुबह, जब आम लोग छुट्टी का आनंद ले रहे थे, कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक 20 वर्षीय युवक के लिए वह सुबह खौफ का रूप लेकर आई। युवक सोलन जिला के कंडाघाट उपमंडल के डेढ़घराट क्षेत्र से होकर पैदल दूध बेचने जा रहा था। तभी तीन बाइक सवार युवकों ने उसे रोका और पहले टाइम पूछने का बहाना बनाया। लेकिन अगले ही पल चाकू और दराट लहराकर 1500 रुपये लूट लिए।

पुलिस की मुस्तैदी से नाकाबंदी 

घटना की सूचना मिलते ही कंडाघाट पुलिस ने सक्रियता दिखाई और तुरंत चायल चौक के पास नाका लगा दिया। आरोपी जब वहां से गुजरने लगे, तो पुलिस को देख सोलन की ओर बाइक मोड़ दी। लेकिन पुलिस ने पीछा करते हुए आधे किलोमीटर दूर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों युवक मोहाली (पंजाब) के रहने वाले छात्र हैं और शिमला की ओर जा रहे थे।

 

यह भी पढ़ें : देश भर में छाया हिमाचल का सूर्यांश, बिना कोचिंग JEE Main में हासिल किए 99.88 परसेंट

गिरफ्तार हुआ एक आरोपी, दो नाबालिग बाल सुधार गृह भेजे गए

पुलिस ने जिन तीनों को हिरासत में लिया, उनमें से एक की पहचान सुखविंद्र पुत्र गोबिंद बाबा निवासी एसएएस नगर मोहाली के रूप में हुई है। बाकी दो आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने सुखविंद्र को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि दोनों नाबालिगों को पीएमजेजेबी सोलन (बाल न्याय बोर्ड) के समक्ष पेश किया गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: गजब- CM हेल्पलाइन पर की चोरी की कंप्लेंट, शिकायत करने वाला ही निकला असली चोर

एसपी बोले: कानून से नहीं बच पाएंगे अपराधी

सोलन के एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने लूट के इस मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि तीनों युवक छात्र हैं और मोहाली से शिमला की ओर निकले थे, लेकिन रास्ते में वारदात को अंजाम दे बैठे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: आर्यन ने घर से दूर रहकर की खूब पढ़ाई- JEE MAIN परीक्षा में झटके 97.5 % अंक

स्थानीय लोगों में रोष और चिंता

घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और रोष है। लोगों का कहना है कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की निगरानी जरूरी है, खासकर जब वह किसी शैक्षणिक उद्देश्य से न होकर ऐसी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए जाएं। यह घटना साफ दर्शाती है कि राजमार्ग पर पुलिस की सतर्कता कितनी ज़रूरी है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख