#अपराध

September 7, 2025

हिमाचल शर्मसार: पिता समान ससुर करता था बहू से नीच हरकत, 6 साल किया सहन-अब पहुंची थाने

पुलिस ने आरोपी ससुर को किया गिरफ्तार

शेयर करें:

Himachal solan News

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही ससुर पर लगातार यौन शोषण और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

पीड़िता की शिकायत से खुला मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने कसौली थाना में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका ससुर पिछले 5 से 6 वर्षों से उसे प्रताड़ित कर रहा था। महिला ने बताया कि 2 अगस्त 2025 को दिन के समय जब वह घर पर अकेली थी, तो ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस घटना से आहत होकर वह तुरंत मायके चली गई और पूरी बात अपनी मां को बताई। इसके बाद 25 अगस्त 2025 को उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

 

यह भी पढ़ें : देर आए, दुरुस्त आए... PM मोदी के प्रस्तावित दौरे पर बोले मंत्री विक्रमादित्य सिंह

पुलिस ने जुटाए पुख्ता सबूत

शिकायत के आधार पर कसौली थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान कई साक्ष्य और गवाह जुटाए गए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी सीता राम (58 वर्ष) को 7 सितम्बर 2025 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की जांच की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मां और दो बेटियों का एक साथ उजड़ा सुहाग, ससुर के साथ दो दामाद की भी थमी सांसें

बढ़ती घटनाओं से चिंता

यह घटना कोई अकेली नहीं है। बीते कुछ वर्षों में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। शांत और सुरक्षित समझे जाने वाले इस पर्वतीय प्रदेश में अब ऐसे अपराध समाज के लिए गहरी चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: राहू नाले ने छीन लिया परिवार से 16 साल का बेटा, माता-पिता के नहीं रूक रहे आंसू

 

सामाजिक संगठनों का कहना है कि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों पर सख्ती से लगाम लगानी होगी। खासकर घर के भीतर होने वाले ऐसे मामलों को उजागर करने और पीड़िताओं को न्याय दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन को अधिक संवेदनशील और सक्रिय होना पड़ेगा।

समाज और प्रशासन की जिम्मेदारी

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए परिवार और समाज दोनों को आगे आना होगा। महिलाओं और बेटियों को यह भरोसा दिलाना जरूरी है कि वे बिना डर के अपनी समस्या खुलकर बता सकें। साथ ही, पुलिस को त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलानी चाहिए, ताकि ऐसे अपराधियों में भय पैदा हो और समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षित माहौल कायम किया जा सके।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख