#अपराध
June 19, 2026
हिमाचल: परिवार ने खो दिया कमाऊ बेटा, इस हाल में मिली इलेक्ट्रिशियन की देह; पसरा मातम
परिवार ने नहीं जताया कोई शक
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पर युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जवान युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के रेड़ली गांव से सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक की लाश लाना मशहूर के पास बरामद हुई है। जैसे ही इस घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। युवक के शव को देखकर परिवार और गांव के लोगों में चीख पुकार मच गई।
शुरुआती जांच और परिजनों ने बताया कि इस मामले में किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। परिवार की सहमति के बाद युवक का अंतिम संस्कार पूरे रीति-रिवाज और सम्मान के साथ किया गया।
मृतक जयपाल नेगी का अंतिम संस्कार ददाहू स्थित गिरी नदी के तट पर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित लोग मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से जयपाल को अंतिम विदाई दी और परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
बताया जा रहा है कि जयपाल नेगी पेशे से इलेक्ट्रिशियन थे और काफी समय से संगड़ाह व आसपास के क्षेत्रों में काम कर रहे थे। अपने अच्छे व्यवहार, मेहनत और मददगार स्वभाव के चलते उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि जयपाल एक शांत स्वभाव और मिलनसार युवक थे। वह हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे। उनके अचानक चले जाने से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा क्षेत्र गहरे सदमे में है।
जयपाल नेगी की मौत की खबर के बाद रेड़ली गांव में मातम छाया हुआ है। ग्रामीणों और परिचितों ने कहा कि इतनी कम उम्र में उनका यूं चले जाना सभी के लिए बेहद दुखद है। लोगों ने भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।