#विविध

June 19, 2026

मनीषा मित्तल ह.त्याकांड के बाद सुक्खू सरकार का बड़ा एक्शन : कब्जे में लिया विवादित स्कूल

विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए लिया फैसला

शेयर करें:

Sanjauli Saraswati Paradise International School Manisha Mittal Case Anupam Kashyap Jyoti Rana

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के कुछ दिनों बाद राज्य सरकार ने स्कूल का प्रबंधन अपने नियंत्रण में ले लिया है। विद्यार्थियों की पढ़ाई और संस्थान के नियमित संचालन को प्रभावित होने से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने स्कूल में प्रशासक नियुक्त कर दिया है।

ज्योति राणा प्रशासक नियुक्त

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हिमाचल प्रदेश सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 2006 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा को स्कूल का प्रशासक नियुक्त किया है। यह व्यवस्था शुरुआती तौर पर छह महीने के लिए लागू की गई है।

यह भी पढ़ें- मंत्री विक्रमादित्य के विभाग में ठेकेदारों ने किया खेला- टेंडरों में गड़बड़ी, 49 सड़कों का काम ठप

820 विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए लिया फैसला

जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यालय में पढ़ाई, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। स्कूल में पढ़ रहे करीब 820 विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों का भी ध्यान रखा जाएगा।

नई गवर्निंग बॉडी के गठन की होगी प्रक्रिया

प्रशासक के तौर पर ज्योति राणा स्कूल और सोसायटी के दैनिक कार्यों का संचालन करेंगी। साथ ही सोसायटी के नियमों और प्रचलित कानूनों के तहत नई गवर्निंग बॉडी के गठन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करेंगी। प्रशासन ने उनकी सहायता के लिए कई अधिकारियों को भी आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : स्टाफ नर्स की नौकरी छोड़ बनीं प्रधान- लुआंचड़ी पहन शपथ लेने पहुंचीं, जीता सबका दिल

चार साल से चल रहा था विवाद

बताया जा रहा है कि स्कूल को लेकर पिछले चार वर्षों से विवाद चला आ रहा था। स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल का संपत्ति को लेकर अपने भाई के साथ विवाद था। 14 जून की शाम को संजौली स्थित स्कूल के गेट के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।

दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

मनीषा मित्तल मूल रूप से हरियाणा के रोहतक की रहने वाली थीं और उनकी शादी रेवाड़ी में हुई थी। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं प्रशासन का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के बावजूद स्कूल में शिक्षण कार्य पहले की तरह जारी रहेगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर किसी तरह का असर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख