#हादसा
June 19, 2026
हिमाचल में तेज रफ्तार कार का कहर : ढाबे के बाहर झाड़ू लगा रहे व्यक्ति को रौंदा
ढाबे के बाहर कर रहे थे सफाई
शेयर करें:

ऊना। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर सड़क पर मौत का कारण बन गई। हादसों की बढ़ती संख्या के बीच अब सड़क किनारे चल रहे लोग भी सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला ऊना से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार ने ढाबे के बाहर झाड़ू लगा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने बाद में दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला ऊना के पनोह क्षेत्र में पेश आया है। हादसे के सामय वह अपने ढाबे के बाहर रोज की तरह साफ-सफाई का काम कर रहे थे। सुबह के समय वह सड़क किनारे झाड़ू लगा रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आ गई।
कार की टक्कर लगने से राजीव शर्मा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए उन्हें इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
परिजन और लोग उन्हें लेकर चंडीगढ़ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। कुछ समय बाद राजीव शर्मा ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया। मृतक की पहचान राजीव शर्मा उम्र 47 साल, पुत्र जगदीश राम निवासी पनोह के रूप में हुई
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को नींद का झोंका आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी मामले की पूरी जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना ऊना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ASP ऊना संजीव कुमार भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल व्यक्ति की चंडीगढ़ ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।