#अपराध

June 30, 2026

हिमाचल: सही निकला टीचर मनीषा का शक, भाई ने ही दी थी बहन की ह*त्या की सुपारी- अब जाएगा जेल

भाई हिमांक मित्तल का बिजनेस पार्टनर भी गिरफ्तार

शेयर करें:

Himachal shimla Manisha Mittal

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की रहने वाली मनीषा मित्तल की आखिरी कही गई बातें अब सच साबित हो गई है। हत्या से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर आकर आशंका जताई थी कि उनकी जान को उनके ही भाई से खतरा है। मनीषा की हत्या के बाद पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि उनकी हत्या की साजिश उनके भाई ने ही रची थी। 

रोहतक से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी भाई

मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हिमांक मित्तल को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी की तबीयत खराब होने की बात सामने आई, जिसके चलते उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 18 साल की देश सेवा, अब तिरंगे में घर लौटा जवान- पीछे छूट गई पत्नी और 2 मासूम बच्चे

 

वहीं, हिमांक के बिजनेस पार्टनर और सह आरोपी गोविंद को पुलिस ने अदालत से चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे हत्या की साजिश, पैसों के लेन-देन और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

39 घंटे बाद पकड़े गए थे दोनों शूटर

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने जांच तेज कर दी थी। पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए वारदात के करीब 39 घंटे बाद हरियाणा के रोहतक से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के दुजाना गांव निवासी आशीष अहलावत (22) और रोहतक के सुनियारा खल फैसी निवासी दीपक (25) के रूप में हुई थी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: अचानक फेल हुई बस की ब्रेक, खाई देख सहमे यात्री- हड़बड़ी में चालक ने उठाया ये कदम

 

दोनों को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने कई अहम जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस असली साजिशकर्ताओं तक पहुंची।

गोविंद हत्या के बाद चला गया था थाईलैंड

जांच में यह भी सामने आया कि मनीषा मित्तल की हत्या से दो दिन पहले गोविंद थाईलैंड चला गया था। पुलिस को इस बात से भी शक हुआ और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। कुछ दिन बाद जब गोविंद वापस भारत लौटा तो शिमला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया।

संपत्ति विवाद बना रिश्ते के खून की वजह

पुलिस जांच में शुरुआती तौर पर सामने आया है कि परिवार के अंदर चल रहा संपत्ति विवाद इस हत्या की सबसे बड़ी वजह बना। आरोप है कि हिमांक मित्तल और उसके साथी गोविंद ने मिलकर मनीषा की हत्या की योजना बनाई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के 9 जिलों में मौसम का यलो अलर्ट : तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर बरसेंगे बादल

सोच-समझ कर किया था प्लान 

जांच के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मिलकर शूटरों से संपर्क किया और पैसे देकर इस वारदात को अंजाम दिलाने की साजिश रची। पुलिस का कहना है कि हत्या को बेहद सोच-समझकर प्लान किया गया था, ताकि किसी को शक न हो।

शूटरों को वाहन देकर शिमला भेजने की तैयारी की गई

पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी गोविंद ने शूटरों की मदद की। उसने उन्हें वारदात के लिए वाहन उपलब्ध करवाया और शिमला पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद गोविंद विदेश चला गया था। हालांकि जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। इससे पहले पुलिस इस हत्याकांड में दो शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशे में चूर व्यक्ति ने पति-पत्नी पर किया ह*मला, पहले कहे अपशब्द- फिर कमरे में किया बंद

पुलिस खंगाल रही हत्या की पूरी साजिश

शिमला पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की योजना कब बनाई गई, इसमें कितने लोग शामिल थे और किस-किस ने आरोपियों की मदद की। ASP मेहर कंवर ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ रही हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े सभी राज सामने आ सकें।

बहन-भाई के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला

मनीषा मित्तल हत्याकांड ने शिमला समेत पूरे प्रदेश को हैरान कर दिया है। जिस भाई पर भरोसा होता है, उसी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगना इस मामले को और भी गंभीर बना रहा है। अब पुलिस की जांच से ही सामने आएगा कि इस साजिश के पीछे पूरी कहानी क्या थी।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख