#अपराध
June 30, 2025
हिमाचल: घर से चिट्टे की बड़ी खेप-नगदी के साथ 5 युवक धरे, जेल में बंद तस्करों ने दिया था सुराग
पुलिस ने 4 दिन में 10 नशा तस्करों को किया अरेस्ट
शेयर करें:

रामपुर (शिमला)। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते चिट्टे के नशे पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। राजधानी शिमला के रामपुर में पुलिस ने एक सुनियोजित कार्रवाई के तहत 10 चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस को मौके से 30ण्88 ग्राम चिट्टा और 50 हजार रुपए की नकदी भी बरामद हुई है। पकड़े गए आरोपियों में अधिकतर मंडी जिला के युवक शामिल हैं।
पुलिस टीम ने रविवार रात एक गुप्त सूचना के आधार पर कुड़ीधार क्षेत्र के एक रिहायशी मकान पर छापा मारा। मौके पर पहुंचकर जब पुलिस ने तलाशी ली तो 30.88 ग्राम चिट्टा और 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। इस छापेमारी के दौरान कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें चार आरोपी मंडी जिले से संबंध रखते हैं। आरापियों में पंडोह निवासी 34 वर्षीय अजय कुमार, 28 वर्षीय रोशन, बनोल के 32 वर्षीय विजय कुमार और 18 साल का पियुष उर्फ रमन शामिल है। इसके अलावा एक आरोपी 40 वर्षीय रोहित पंजाब के होशियारपुर से है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल भाजपा को मिल गया नया सरदार, अध्यक्ष पद को आया सिंगल नामांकन;, कल होगी घोषणा
दरअसल पुलिस यह कार्रवाई पहले से नशे के साथ पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर की। रामपुर पुलिस ने इससे पहले 26 जून को नीरथ निवासी 30 वर्षीय अंकित ठाकुर और देलठ के22 वर्षीय गौरव को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क की परतें खोलनी शुरू कीं। उसी कड़ी में 29 जून को पुलिस ने तीन और आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें मंडी के हातोन से अनवर अली (27), सुंदरनगर के अंबेडकर नगर से भानू (25) और नरेश कुमार (30) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : धर्मशाला में इतिहास रचने को तैयार विधानसभा- ओम बिरला भी पहुंचेंगे, CM सुक्खू रहेंगे मौजूद
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ थाना रामपुर में मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। हम नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए ठोस रणनीति के साथ काम कर रहे हैं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवाओं को नशे के गर्त में धकेलने वालों पर कठोर कार्रवाई समय की मांग है। लोगों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि ऐसे मामलों में फास्ट ट्रैक अदालतों के माध्यम से जल्द सजा सुनिश्चित की जाए।