#अपराध
May 13, 2026
हिमाचल : नशा तस्करी के दो बड़े नेटवर्क का खेल खत्म, पुलिस ने पंजाब और यूपी से पकड़े मास्टरमाइंड
छोटे आरोपी को पड़कर मुख्य तस्कर तक पहुंच रही पुलिस
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच शिमला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब और उत्तर प्रदेश से जुड़े दो बड़े चिट्टा सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी हिमाचल में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को चिट्टे की सप्लाई करते थे। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के पुलिस थाना बालूगंज में 20 मार्च 2026 को दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने हरियाणा के पांच आरोपियों अन्जीत, इरफान, रविकांत, मुकेश और नरेन्द्र को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से करीब 93.970 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
शुरुआत में यह मामला सामान्य तस्करी का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने आरोपियों से गहन पूछताछ की और उनके मोबाइल फोन सहित अन्य डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले तो कई अहम सुराग हाथ लगे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे पंजाब के फरीदकोट निवासी गुरमीत उर्फ बिल्ला का हाथ है।
वही हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करता था। इसके बाद शिमला पुलिस ने लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और आखिरकार 13 मई को उसे पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उम्मीद है कि गुरमीत से पूछताछ में और भी कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं, जो इस धंधे से जुड़े हुए हैं।
वहीं दूसरा मामला पुलिस थाना ठियोग में 12 अप्रैल 2026 को NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। इस केस में पुलिस ने कुलदीप वर्मा उर्फ आशु नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 8.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। जब पुलिस ने इस मामले की तह तक जाना शुरू किया तो जांच में सामने आया कि आरोपी को नशे की सप्लाई उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी शिव शंकर द्वारा की जा रही थी।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिव शंकर को 13 मई को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे मिली जानकारी के आधार पर अन्य तस्करों तक भी पहुंचा जा रहा है।
शिमला पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में युवाओं को नशे से बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस अब नशा बेचने वाले छोटे आरोपियों के साथ-साथ उन बड़े सप्लायरों को भी निशाने पर ले रही है जो दूसरे राज्यों से हिमाचल में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ पहुंचा रहे हैं।