#अपराध
October 8, 2025
हिमाचल: शराब ने उजाड़ा घर, करवाचौथ से दो दिन पहले महिला ने खत्म कर ली जिंदगी
दो महीने पहले ही पति के साथ आई थी हिमाचल, शराब को लेकर हुई थी कहासुनी
शेयर करें:

शिमला। नशे की लत ने एक हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया। हिमाचल प्रदेश के शिमला ज़िले में बुधवार को शराब को लेकर हुए झगड़े के बाद एक महिला ने नाशपाती के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। यह दर्दनाक घटना कुमारसैन थाना क्षेत्र के कबानू कोटगढ़ में सामने आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान नेपाली मूल की सपना (लगभग 30) पत्नी अरुण मल्ला मूल निवासी नेपाल के रूप में हुई है। सपना करीब दो महीने पहले अपने पति के साथ काम के लिए हिमाचल आई थी। दोनों अभय श्याम निवासी गांव कवानू के घर में दिहाड़ी पर काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कलयुगी बेटे की करतूत, मां के पेट में मारी लात; बिगड़ी तबीयत-अस्पताल में थमी सांसें
पुलिस जांच के अनुसार मंगलवार देर रात सपना और उसके पति के बीच शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई थी। सपना ने पति को शराब पीने से मना किया था, जिस पर दोनों में बहस हो गई। बुधवार सुबह करीब 6:15 बजे स्थानीय लोगों ने सपना को डेरे के बाहर बर्तन धोते हुए देखा था। कुछ देर बाद वह अचानक वहां से चली गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: छोटे भाई के बाद अब बड़े की भी सड़क हा*दसे ने छीन ली सांसें, चार बच्चों का था पिता
करीब 8:15 बजे पति अरुण और स्थानीय लोगों ने सपना की तलाश शुरू की। कुछ ही देर में डेरे से 50 मीटर की दूरी पर एक नाशपाती के पेड़ से उसका शव लटका मिला। सूचना मिलते ही कुमारसैन पुलिस मौके पर पहुंची। निरीक्षण में महिला के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में सपना की मौत फंदा लगाने से आत्महत्या के रूप में सामने आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें : बिलासपुर घटना - सुक्खू सरकार ने किया 4-4 लाख देने का ऐलान, जाने पूरी खबर
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशा कई परिवारों को तोड़ चुका है और यह घटना इसका ताजा उदाहरण है। एक मामूली कहासुनी ने एक महिला की जान ले ली और एक परिवार को तबाह कर दिया। नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह रिश्तों को भी निगलता जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी पारिवारिक या मानसिक तनाव की स्थिति में आत्मघाती कदम न उठाएं और तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन से संपर्क करें। साथ ही नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज को भी जागरूक होने की आवश्यकता बताई।