#अपराध
January 23, 2025
हिमाचल: 17 साल की लड़की को भगा ले गया युवक, दर-दर भटक रहा पिता
पिता बोला शादी का झांसा देकर युवक ने भगाई मेरी बेटी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की भोली भाली लड़कियों को अकसर शातिर युवक अपने झूठे प्यार के जाल में फंसा लेते हैं। जिसके बाद शातिर युवक इन लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने से भी गुरेज नहीं करते हैं। ऐसा ही मामला हिमाचल की राजधानी शिमल से सामने आया है। यहां एक 17 साल की लड़की को युवक अपने साथ भगा ले गया है।
मामला शिमला के पुलिस थाना झाकड़ी से सामने आया है। यहां एक 17 साल की लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। लड़की के पिता ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लड़की के पिता का कहना है कि एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला फुसला कर अपने साथ ले गया है। इस युवक ने बेटी को शादी का झांसा दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : कमरे में खेल रही थी सात साल की बच्ची, गले में फंसी रस्सी और...
गुमशुदा लड़की के पिता ने किन्नौर जिला के पुलिस थाना भावानगर में इसको लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में उन्होंने विक्की नाम के एक युवक पर उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी 17 साल की बेटी अपनी मां के साथ झाकड़ी के ज्योरी में किराये के कमरे में रहती थी। 11 जनवरी को वह अपने घर सुंगरा आई थी। वहीं 20 जनवरी को वह वापस ज्योरी लौट गई थी।
लड़की के पिता ने बताया कि जिस दिन बेटी वापस ज्योली लौटी थी, उसी दिन उन्हें उनकी पत्नी का फोन आया और उसने बताय कि बेटी सुंगरा आने को कह रही है। लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा है। इसी बीच 21 जनवरी की शाम को एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी को फोन किया और अपना नाम विक्की बताया। पुलिस को सौंपी शिकायत में पीड़ित शख्स ने बताया कि उन्हें इसी घटना से शक हुआ है कि विक्की ही उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले गया है।
पीड़ित की शिकायत पर भावानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन घटना झाकड़ी क्षेत्र की होने के चलते भावानगर से जीरो एफआईआर के तहत झाकड़ी थाना में स्थानांतरित कर दी गई है। वहीं पुलिस थाना झाकड़ी ने इस मामले में धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने विक्की की तलाश शुरू कर दी है और नाबालिग को ढूंढने के लिए सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।