#अपराध

July 19, 2026

हिमाचली को इटली से आया करोड़ों का ऑफर : वारिस बनने का किया वादा और 11 लाख...

इटली का अमीर दंपत्ति बनकर जाल में फंसाया

शेयर करें:

Himachal Shimla news

शिमला। हिमाचल प्रदेश में साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए हर दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ताजा मामला शिमला जिले के नेरवा क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को इटली की करोड़ों रुपये की संपत्ति दिलाने और गोद लेने का झांसा देकर करीब 11 लाख रुपये ठग लिए गए। हैरानी की बात यह है कि ठगों ने खुद को कभी इटली का निःसंतान दंपत्ति बताया तो कभी CBI अधिकारी बनकर पैसे ऐंठ लिए।

इटली का अमीर दंपत्ति बनकर जाल में फंसाया

पुलिस को दी शिकायत में अमर सिंह पुत्र हरि सिंह, निवासी गांव आर, डाकघर घार बिजमल, तहसील नेरवा, जिला शिमला ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आए। फोन करने वालों ने खुद को इटली में रहने वाला निःसंतान दंपत्ति बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति और काफी इटालियन मुद्रा है, लेकिन उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घोड़ा चराने घर से निकला था बुजुर्ग- परिजनों को गहरी खाई में पड़ी मिली देह

उन्होंने अमर सिंह से कहा कि अगर वह उनका बेटा बनकर उनकी देखभाल करेगा तो वे अपनी पूरी संपत्ति उसके नाम कर देंगे। इतना ही नहीं, ठगों ने उसे गोद लेने की बात भी कही और भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही भारत आकर उससे मिलेंगे।

फिर आया CBI अधिकारी बनकर फोन

कुछ समय बाद अमर सिंह को एक और फोन आया। इस बार फोन करने वाले ने खुद को CBI अधिकारी बताया। उसने कहा कि इटली का दंपत्ति भारत पहुंच चुका है, लेकिन एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्हें CBI ने हिरासत में ले लिया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कई पलटे खाने के बाद झाड़ियों में गिरी कार; 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौ*त

इसके बाद ठगों ने कहा कि अगर उन्हें छुड़ाना है और मामला निपटाना है तो तुरंत पैसे भेजने होंगे। करोड़ों की संपत्ति मिलने की उम्मीद और कानूनी कार्रवाई के डर से अमर सिंह उनकी बातों में आ गया। उसने अलग-अलग किस्तों में करीब 11 लाख रुपये ठगों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।

संपर्क टूटते ही हुआ ठगी का एहसास

पैसे भेजने के बाद जब कई दिन तक कोई इटालियन दंपत्ति नेरवा नहीं पहुंचा और फोन करने वालों ने भी जवाब देना बंद कर दिया, तब अमर सिंह को शक हुआ। काफी कोशिशों के बाद भी जब ठगों से संपर्क नहीं हो पाया, तब उसे समझ आया कि उसके साथ बड़ी साइबर ठगी हो चुकी है। इसके बाद उसने बिना देर किए पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक साल में नई जीप का रंग पड़ा फीका, ग्राहक पहुंचा कोर्ट- अब मिला 40 हजार मुआवजा

पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिकायत मिलने के बाद शिमला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 319(2), 318(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। अब साइबर सैल की मदद से उन मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के शख्स की पंजाब में मौ.त : पत्नी के सामने कंटनेर ने कुचला, 3 बेटियों ने खोया पिता

जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया गया। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के लालच, इनाम, विदेशी संपत्ति या गोद लेने जैसी बातों पर भरोसा न करें। किसी भी तरह की संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख