#हादसा

July 19, 2026

हिमाचल : घोड़ा चराने घर से निकला था बुजुर्ग- परिजनों को गहरी खाई में पड़ी मिली देह

घोड़े को चराने गया था बुजुर्ग 

शेयर करें:

himachal shimla news

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां पर घोड़े को चराने निकले एक 80 वर्षीय बुजुर्ग गहरी खाई में जा गिरे। खाई इतनी गहरी थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घोड़े को चराने गया था बुजुर्ग 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के चौपाल उपमंडल की नेरवा तहसील के ग्यांह गांव से सामने आया है। यहां पर आज रविवार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति रोज की तरह सुबह अपने घोड़े को चराने के लिए घर से निकला था। वह गांव के पास स्थित घासनी की ओर जा रहे थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : कई पलटे खाने के बाद झाड़ियों में गिरी कार; 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौ*त

रास्ता पहाड़ी और फिसलन भरा होने के कारण चलते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। पैर फिसलते ही वह गहरी ढलान में लुढ़कते हुए खाई में जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आईं और वह मौके पर ही बेसुध हो गए। 

कड़ी मशक्कत के बाद खाई से निकाला बुजुर्ग 

जब काफी देर तक तुलसी राम घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच आसपास के लोगों को हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार के सदस्य और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें खाई से बाहर निकाला गया। उनकी हालत बेहद गंभीर थी, इसलिए बिना समय गंवाए उन्हें नागरिक अस्पताल नेरवा ले जाया गया।

यह भी पढ़ें : तेज बारिश में हुआ हा.दसा- मरीज को छोड़ने गई AMBULANCE दुर्घटनाग्रस्त, 2 लोग...

सिर और चेहरे पर आई थीं गंभीर चोटें

रास्ते भर सभी उनकी सलामती की दुआ करते रहे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान

तुलसी राम पुत्र जिंदू राम, निवासी गांव ग्यांह, जिला शिमला के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार खाई में गिरने के कारण व्यक्ति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लगी थीं। पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से हादसा काफी भयावह साबित हुआ।

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले 48 घंटे बेहद भारी, कई जिलों में तेज बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम नागरिक अस्पताल नेरवा पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाते हुए मामले की आगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गांव में पसरा मातम

तुलसी राम के निधन की खबर से पूरे ग्यांह गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि वह सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में सभी के साथ उनका अच्छा व्यवहार था। उनके अचानक चले जाने से परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव को गहरा सदमा पहुंचा है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख