#अपराध
February 4, 2026
हिमाचल : जमानत पर जेल से बाहर आया था नशा तस्कर, पुलिस ने फिर बड़ी खेप संग धरा
बार-बार जमानत पर आता था बाहर
शेयर करें:

कांगड़ा। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ नशा तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। पुलिस अकसर यह उम्मीद करती है कि जेल जाने के बाद आरोपी सुधर जाएंगे, लेकिन कई बार ऐसा नहीं होता। जिला कांगड़ा से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां नशे के मामले में जेल से रिहा हुआ एक आरोपी दोबारा नशीले पदार्थों की सप्लाई करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के सिद्धवाड़ी क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि एक ही आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत चार गंभीर मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उसके पास से चिट्टा, हेरोइन और चरस जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। आरोपी की वजह से इलाके के युवाओं में नशे की समस्या बढ़ने का खतरा बना हुआ था, जिससे लोग काफी चिंतित थे।
कांगड़ा पुलिस ने बताया कि आरोपी बार-बार कानून को ठेंगा दिखाकर नशे की तस्करी करता रहा। हर बार गिरफ्तारी के बाद जमानत पर छूटकर वह फिर से उसी धंधे में लग जाता था। इसी वजह से पुलिस और प्रशासन ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया।
आरोपी की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और समाज पर पड़ रहे बुरे प्रभाव को देखते हुए जिला कांगड़ा पुलिस ने उसके खिलाफ ड्रग तस्करी की रोकथाम से जुड़े PIT NDPS Act, 1988 के तहत निवारक हिरासत का प्रस्ताव तैयार किया गया।
इस प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकारी ने स्वीकार करते हुए 23 जनवरी 2026 को आदेश जारी किए, जिसके तहत आरोपी शुभकरण को तीन महीने के लिए जिला जेल धर्मशाला में निरुद्ध करने के निर्देश दिए गए। हालांकि, जैसे ही आरोपी को इन आदेशों की भनक लगी, वह फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदलता रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस थाना पालमपुर की ओर से एक विशेष गुप्त टीम का गठन किया गया। इस टीम ने जिला कांगड़ा के अलावा आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी लगातार छापेमारी की। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
लगातार प्रयासों और कड़ी मेहनत के बाद पुलिस टीम को 3 फरवरी 2026 को सफलता मिली, इसके बाद आरोपी को सिद्धवाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के पश्चात धर्मशाला स्थित जिला कारागार में निवारक हिरासत के तहत भेज दिया गया है।
शुभकरण उर्फ शिवु, गांव निवासी पालमपुर जिला कांगड़ा के रुप में हुई है।
कांगड़ा पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और किसी भी कीमत पर नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं का भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।