#हादसा
February 4, 2026
HRTC बस हाद.सा : कमजोर डंगे ने उजाड़े तीन परिवार, पति की आंखों के सामने पत्नी ने तोड़ा दम
28 लोगों का अस्पताल में चल रहा इलाज
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के कवानू क्षेत्र के पास मंगलवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। नेरवा-पांवटा साहिब मार्ग पर पेश आए इस हादसे में HRTC बस के परखच्चे उड़ गए हैं। इस हादसे में एक महिला की उसके पति की आंखों के सामने मौत हो गई है। हादसे में पति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि, बस के चालक समेत 28 लोग घायल हुए हैं। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग नेरवा के रहने वाले हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ग्राहक का इंतजार कर रहे थे चरस तस्कर, किसी ने पुलिस को घुमा दिया फोन- पहुंचे जेल
ये हादसा कल सुबह करीब 9:30 बजे पेश आया। हादसे के वक्त नेरवा डिपो की ये बस नंबर HP66A-2588 चौपाल से पांवटा साहिब जा रही थी। इसी दौरान उत्तराखंड के कवानू क्षेत्र के पास एक ट्रक को पास देते समय डंगा धंसने के कारण बस लुढ़कते हुए खड्ड में जा गिरी।
हादसे के समय बस में 36 सवारियां सवार थीं। हादसे के बाद घायल बस परिचालक ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, 26 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अटल टनल के पास चार गाड़ियों पर आ गिरे तीन एवलांच, अंदर बैठे थे कई लोग
वहीं दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों के प्रयास से कई यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए और प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया गया। इस बीच हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस की टीमें और SDRF की टीमें भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घायलों में से 17 लोग शिमला, 3 देहरादून, 6 बिहार और 2 यूपी के हैं। 14 घायलों को उप जिला अस्पताल, 10 को लेहमन अस्पातल हरबर्टपुर और 3 को पांवटा साहिब भर्ती किया गया है। हादसे में घायल हुआ बस चालक ग्राफिक एरा अस्पताल देहारदून में भर्ती है।
स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि घायलों के उचित इलाज और राहत कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों से मार्ग पर धैर्य और सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य सुचारू रूप से चल सके।