#अपराध
February 27, 2026
हिमाचल: पति का बर्थडे बना पत्नी का डेथ डे- वीडियो कॉल पर हुई बहस, फिर कमरे में उठाया गलत कदम
दो बच्चों की मां ने घर में फंदा लगाया, जांच में जुटी पुलिस
शेयर करें:

ऊना। आज के युग में मोबाइल फोन ने सभी के जीवन को बदल दिया है। मगर, कई लोगों के लिए यही तकनीक मौत का पैगाम लेकर आती है। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई है, जहां पति के साथ वीडियो कॉल पर हुई छोटी सी बहस ने पत्नी को इतना गुस्सा दिला दिया, कि उसने अपनी ही जान ले ली।
जिला मुख्यालय के समीपवर्ती क्षेत्र जलग्रा टब्बा में 30 वर्षीय विवाहिता ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका की पहचान रजनी देवी पत्नी केवल कुमार, निवासी जलग्रा टब्बा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उनका पति नाइजीरिया में कार्यरत है और करीब डेढ़ वर्ष पहले विदेश गया था। बताया जा रहा है कि बुधवार को पति के जन्मदिन के अवसर पर दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
परिजनों के अनुसार बातचीत के दौरान पति के पिता ने भी बात की। कुछ समय बाद रजनी अपने कमरे में चली गईं, जहां उन्होंने चुन्नी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर अपनी जान दे दी।
रजनी का विवाह करीब सात वर्ष पहले हुआ था और उनके दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
यह भी पढ़े : हिमाचल में रिटायरमेंट के बाद कानूनगो को मिली प्रमोशन - बनाया नायब तहसीलदार, उठ रहे सवाल
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि एसएचओ इंस्पेक्टर गौरव भारद्वाज की देखरेख में मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।