#अपराध
March 21, 2025
हिमाचल से जुड़े सौरभ केस के तार- पत्नी ने आशिक संग कैसे रची साजिश, हुए बड़े खुलासे
मेरठ में हुए सौरभ हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच जारी
शेयर करें:

हिमाचल। मेरठ में हुए सौरभ हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच में लगातार नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। जैसे-जैसे पुलिस गहराई से जांच कर रही है, चौंकाने वाली सच्चाइयां उजागर हो रही हैं। मामले में मुस्कान, साहिल और सौरभ के बीच संबंधों से लेकर आर्थिक लेन-देन और यात्रा विवरण तक हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस की एक टीम हिमाचल और उत्तराखंड में उन जगहों की जांच कर रही है, जहां मुस्कान और साहिल ठहरे थे। वहीं, लंदन में सौरभ की नौकरी को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या वह सच में मर्चेंट नेवी में था या फिर यह कोई झूठी कहानी थी।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि मुस्कान की सौतेली मां कविता रस्तोगी ने ही उसे दोषी ठहराया था। मुस्कान की असली मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और उसके बाद उसके पिता ने उसकी मौसी से शादी कर ली थी। पुलिस ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि कविता, मुस्कान की जैविक मां नहीं बल्कि उसकी सौतेली मां है।
पुलिस जांच में पता चला कि मुस्कान और साहिल ने मेरठ के शिवा टूर एंड ट्रैवल्स से 15 दिनों के लिए टैक्सी बुक की थी। इस टैक्सी से दोनों मेरठ से शिमला, मनाली और कसोल गए थे। ड्राइवर अजब सिंह ने पुलिस को बताया कि पूरी यात्रा के दौरान ये दोनों अलग-अलग जगहों पर रुके और घूमे। इस टैक्सी के लिए 54 हजार रुपये का भुगतान किया गया था।
पुलिस ने उन दुकानदारों से भी पूछताछ की है जिन्होंने हत्या में इस्तेमाल ड्रम, चाकू और नशीली दवाइयां बेची थीं। इन सभी दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कोई ठोस सबूत मिल सके। पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द चार्जशीट तैयार कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए।
अब तक की जांच में यह सामने आया है कि हत्या के पीछे मुख्य कारण मुस्कान और साहिल का अवैध संबंध और पैसों का लेन-देन हो सकता है। सौरभ को उनके संबंधों के बारे में जानकारी हो चुकी थी, जिससे उनके बीच तनाव था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सौरभ ने अपने बैंक खाते से जो पैसे ट्रांसफर किए थे, वे किसके खाते में गए।
पुलिस को अब तक तंत्र-मंत्र जैसी किसी चीज के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन हत्या को बहुत ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है। पुलिस का मानना है कि यह पूरी तरह से एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया अपराध है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पंचत्तव में विलीन हुए विमल नेगी, बेटी ने दिया कांधा; 6 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, मामले की जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही चार्जशीट दाखिल की जाएगी। हत्या में इस्तेमाल किए गए सभी सबूतों और आरोपियों के कॉल डिटेल्स की भी गहन जांच की जा रही है।