#अपराध
July 20, 2025
हिमाचल : होटल बुक, कार्ड छप चुके थे- पंडित का हवाला देकर शादी से मुकरा युवक, थाने पहुंची युवती
लड़की ने लगाया मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना का आरोप
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर स्थित सुजानपुर क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से महज 15 दिन पहले युवक और उसके परिवार ने कुंडली और विचार न मिलने की बात कहकर शादी तोड़ दी। इससे आहत युवती ने सुजानपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार, युवती की शादी 30 जुलाई को कांगड़ा जिले के आलमपुर निवासी युवक से तय हुई थी, जो दिल्ली में नौकरी करता है। दोनों परिवारों की सहमति से लंबे समय से बातचीत और मुलाकातें चल रही थीं। शादी की तैयारियाँ भी लगभग पूरी हो चुकी थीं। तिलक, होटल बुकिंग, फंक्शन की प्लानिंग और शगुन की रस्में सम्पन्न हो चुकी थीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बन रही शराब की तस्करी : लोहे के पाइप में छिपाकर पहुंचाई लखनऊ, 1 करोड़ है कीमत
युवती ने आरोप लगाया कि लड़के के परिवार ने एक पंडित की सलाह पर यह रिश्ता तोड़ दिया। पंडित ने कथित तौर पर यह कहा कि शादी के बाद लड़की भाग जाएगी और यह रिश्ता ज्यादा समय नहीं चलेगा।
यह भी पढ़ें : आपदा पीड़ितों से मिल भावुक हुए जयराम ठाकुर: बोले- यह त्रासदी हमें 30 साल पीछे धकेल गई
शिकायत में युवती ने कहा है कि इस अचानक हुए फैसले से न केवल उसे गहरा मानसिक आघात पहुंचा है, बल्कि सामाजिक रूप से भी अपमानित होना पड़ा है। साथ ही परिवार को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा है।
लड़की का दावा है कि लड़के के माता-पिता शुरुआत से ही इस रिश्ते के खिलाफ थे और बार-बार शादी में रुकावट डालते रहे। हालांकि, युवक और लड़की के बीच बातचीत और मुलाकात होती रही। युवती का यह भी कहना है कि युवक ने कभी शादी से इनकार नहीं किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बेटे के लिए दिहाड़ी लगाकर खरीदी बाइक बनी काल, एक झटके में उजड़ा पूरा परिवार
थाना प्रभारी सुजानपुर ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन युवती की शिकायत पर लड़के और उसके परिवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। बयान दर्ज होने के बाद कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।