#अपराध
June 16, 2025
हिमाचल का मोस्टवांटेड : पंजाब में एनकाउंटर, पैर में लगी है गो*ली- जानें पूरी बात
गिरफ्तार करने गई पुलिस पर आरोपी ने कर दी फायरिंग
शेयर करें:

शिमला/ मोहाली। हिमाचल प्रदेश पुलिस की मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल एक आरोपी को पंजाब की मोहाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब में हत्या, दुष्कर्म नशा तस्करी सहित आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब की मोहाली पुलिस के साथ आरोपी की यह मुठभेड़ रविवार देर रात को लखनौर में हुई थी। आरोपी यहां नशे की सप्लाई करने आया था। जिसकी सूचना पुलिस को लग गई थी। पुलिस जैसे आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों और से करीब 10 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस फायरिंग में एक गोली आरोपी के पैर में लग गई और वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है। जो हिमाचल पुलिस की मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में भी शामिल है। संदीप कुमार को मोहाली पुलिस दूसरे हत्या के केस में कई दिनों से तलाश कर रही थी। लेकिन वह हर बार अपनी जगह बदल रहा था और पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो रहा था।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि मोहाली के फेज एक में 26 मई को एक हत्या हुई थी। पुलिस जांच में पता चला कि दो लोग बबलू और संदीप बाइक पर आए थे। बबलू बाइक चला रहा था और संदीप ने गोली मार कर शख्स की हत्या की थी। पुलिस ने दो से तीन दिन पहले ही बबलू को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन संदीप पुलिस को चकमा दे रहा था।
इस बार पुलिस को सूचना मिली कि संदीप लखनौर में नशा सप्लाई करने आ रहा है। जिस पर पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो आरोपी संदीप ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। दोनों ओर से करीब 10 राउंड फायरिंग हुई और एक गोली संदीप के पैर में लगी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल आ रही है वर्ल्ड बैंक की टीम- 2,000 करोड़ के प्रोजेक्ट पर रहेगी नजर, फंडिंग पर पड़ेगा सीधा असर
एसएसपी ने बताया कि आरेापी संदीप के खिलाफ पंजाब के साथ साथ हिमाचल पुलिस की मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में शामिल है। आरोपी पर मर्डर, दुष्कर्म, किडनैपिंग सहित आठ मामले दर्ज हैं। 26 मई को आरोपी के खिलाफ दूसरा मर्डर का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस आरोपियों से 26 मई को किए मर्डर के हथियार की जानकारी हासिल कर रही है।