#हादसा
June 16, 2025
हिमाचल : मोड़ पर बिगड़ा ड्राइवर का बैलेंस, गहरी खाई में गिरी कार- दो में से एक के निकले प्राण
नाजुक हालत में दूसरा- IGMC में दाखिल
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का दौर जारी है। सूबे में आए दिन कई भयानक सड़क हादसे पेश आ रहे हैं- जिनमें कई लोगों की जान भी जा रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला हिमाचल के सोलन जिले से सामने आया है- जहां पर एक कार दुर्घटनग्रस्त हो गई है।
अर्की उपमंडल में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। इस भयानक हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि, दूसरे की हालत भी नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा ग्राम पंचायत कुंहर के मतलाउग क्षेत्र में एक मोड़ पर पेश आया है। हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि अचानक ड्राइवर का गाड़ी पर से संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में गिर गई।
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा तुरंत दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की गंभीर हालक को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद IGMC शिमला रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान जियालाल निवासी कुंहर और घायल की पहचान केशव राम निवासी पनिहारु के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हादसे का शिकार हुए लोगों के परिजनों को सूचित किया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल, हादसे के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस टीम द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और लोग अपनी जान गवां चुके हैं।