#अपराध
March 7, 2025
हिमाचल: चिट्टा तस्करी में पहले पकड़ा प्रिसिंपल का बेटा, अब सरकारी कर्मी सहित चार धरे
बीडीओ कार्यालय में तैनात कर्मचारी सहित चार अन्य गिरफ्तार
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के मामलों में अब सरकारी कर्मचारी भी पकड़े जाने लगे हैं। हिमाचल के मंडी जिला के सराज में पुलिस ने चार चिट्टा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों में एक सरकारी कर्मचारी भी शामिल है। इन चारों तस्करों के तार 15 फरवरी को पकड़े गए चिट्टा तस्करों से जुड़े हुए पाए गए हैं, जिसके चलते इनकी गिरफ्तारी हुई है।
दरअसल 15 फरवरी को सराज के भडवाल रेशन सड़क पर कैंची मोड़ के पास स्थानीय महिलाआंे ने दो चिट्टा तस्करों को पकड़ा था। जिन्हें पुलिस के हवाले किया गया था। पुलिस ने जब इन नशा तस्करों से पूछताछ की तो चार अन्य युवकों के नाम सामने आए। जिनमें एक सरकारी कर्मचारी भी है। यह सरकारी कर्मचारी बीडीओ कार्यालय सराज में चपरासी के पद पर तैनात है।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए चारों युवकों के तार चिट्टा तस्करों से जुड़े हुए थे। इस मामले में पहले से गिरफ्तार दो युवकों में एक प्रिंसिपल का बेटा था। जबकि दूसरा जीप यूनियन से जुड़ा था। पुलिस ने 15 फरवरी को थुनाग निवासी रूबल ठाकुर और संदीप कुमार को 38 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। जब पुलिस ने इनकी कॉल डिटेल खंगाली तो पुलिस को पता चला कि इनके तार कई अन्य लोगों से भी जुड़े हुए हैं।
डीएसपी करसोग गौरवजीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो साक्ष्य एकत्रित किए गए तो चार अन्य युवकों के बारे में पता चला। जिस पर पुलिस ने इन चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार किए गए चार युवकों में एक ढीम गांव का आरोपी लवली वर्तमान में बीडीओ कार्यालय सराज में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में तैनात है। इसके अलावा झरोठी गांव के राजेंद्र कुमार, दुशाड़ी गांव के पवन कुमार और झपलोह गांव के भूपेंद्र पाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इन सभी के खिलाफ आगामी कार्रवाई कर रही है।