#अपराध
March 10, 2025
हिमाचल: पिता ने मोबाइल चलाने पर लगाई डांट, तो नदी में कूद गई 11वीं की छात्रा
आधी रात को मोबाइल चलाने पर लगाई थी पिता ने डांट
शेयर करें:

मंडी। इंटरनेट के जमाने में आज हर किसी के पास मोबाइल है। आज की युवा पीढ़ी की नजरें भी हर समय मोबाइल पर ही ही टिकी रहती हैं। यहां तक की छोटे छोटे बच्चे भी अब बिना मोबाइल के नहीं रहते हैं। मोबाइल में हर समय व्यस्त रहने वाली युवा पीढ़ी पर जब परिवार सख्ती बरतता है, तो यह युवा पीढ़ी गलत कदम उठाने से भी परहेज नहीं करते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से सामने आया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक 11वीं की छात्रा ने ब्यास नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली है। अगर आप छात्रा के आत्महत्या करने के पीछे के कारणों को सुनेंगे तो चौंक जाएंगे। जी हां इस छात्रा को उसके पिता ने मोबाइल चलाने पर डांटा था। जिससे नाराज होकर इस छात्रा ने ब्यास नदी में कूद कर आत्हत्या कर ली। अब बेटी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नौकरी नहीं थी तो बन गया नशेड़ी, फिर ओवरडोज से थम गई युवक की सांसें
बताया जा रहा है कि रविवार की रात को पिता ने अपनी बेटी को मोबाइल चलाते देखा। जिससे वह गुस्सा हो गए और उन्होंने बेटी से फोन छीन लिया। पिता ने डांट लगाई और कहा कि कल तुम्हारी परीक्षा है। परीक्षाओं के बाद ही अब तुम्हे मोबाइल मिलेगा। जिसके बाद पिता अपने कमरे में सोने चले गए। लेकिन पिता की डांट से आहत लड़की आधी रात को घर से बाहर निकल गई।
काफी देर बाद जब पिता बेटी के कमरे में दोबारा आए तो बेटी वहां नहीं थी। उन्होंने बेटी को आसपास काफी जगह ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। जिस पर पुलिस की मदद ली गई। पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ब्यास नदी किनारे लड़की की तलाश शुरू की। पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया।
इस दौरान आज सोमवार सुबह पुलिस को विक्टोरिया पुल से करीब 500 मीटर आगे लड़की का शव मिला। मृतक लड़की मूल रूप से गोहर की रहने वाली थी और अपने पिता के साथ मंडी में रहती थी। लड़की के पिता सरकारी कर्मचारी हैं।
लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और पढ़ने में काफी होशियार थी। सोमवार को उसका पेपर था। जिसके चलते उन्होंने उसे आधी रात को मोबाइल चलाते देख डांट दिया था। लेकिन वह रात करीब दो बजे घर से भाग गई। रात को ही पुलिस की मदद से उसकी तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी कैमरों से पता चला कि वो विक्टोरिया पुल की तरफ गई है।
एनडीआरएफ की टीम ने छात्रा के शव को ब्यास नदी से बरामद कर लिया है। वहीं शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं, अब उसी आधार पर पुलिस आगामी जांच कर रही है।