#अपराध
September 21, 2025
हिमाचल: युवक ने शादी के नाम पर 5 माह की नीचता, अब घर आकर युवती को दे रहा ध*मकि*यां
पीड़िता के घर आकर आरोपी और उसकी बहन बोले.चुप रहना वरना बुरा होगा अंजाम
शेयर करें:

कुल्लू। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों की बढ़ती घटनाएं समाज को झकझोरने वाली हैं। ताजा मामला कुल्लू जिले से सामने आया है, जहां एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई महीनों तक यौन शोषण करने और फिर धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी बहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना कुल्लू के शीशामाटी बिहाल क्षेत्र की है। पीड़िता ने महिला थाना में दर्ज करवाई शिकायत में बताया कि एक युवक ने उसे विवाह का भरोसा दिलाकर लगभग पांच महीने तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब पीड़िता ने विवाह की बात की, तो आरोपी मुकर गया और उसे धमकाने लगा। युवती का आरोप है कि अब आरोपी युवक अपनी बहन के साथ उसके घर पर आकर उसे चुप रहने के लिए डरा धमका रहा है। दोनों ने उसे अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।
एएसपी संजीव चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी संजीव और उसकी बहन के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश जो अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और शांतिपूर्ण माहौल के लिए जाना जाता है, अब महिला उत्पीड़न के मामलों में चिंताजनक वृद्धि का सामना कर रहा है। अकेले पिछले कुछ महीनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों से दुष्कर्म, छेड़छाड़, और विवाह के नाम पर धोखा देने जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं। यह न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि समाज की सोच पर भी पुनर्विचार करने की आवश्यकता को उजागर करता है।
यह भी पढ़ें: दूल्हा बनने से पहले विक्रमादित्य का कंगना को जवाब, कहा- 'ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दे'- यही हमारी प्रार्थना है
हालांकि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई योजनाएं चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका क्रियान्वयन कहीं न कहीं कमजोर नजर आता है। पुलिस की जवाबदेही, पीड़िता की पहचान की गोपनीयता, और त्वरित न्याय प्रणाली ऐसे मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।