#अपराध
September 13, 2026
हिमाचल : टैक्सी के अंदर मिला 29 वर्षीय युवक, थम चुकी थी सांसे- जांच में जुटी पुलिस
टैम्पो ट्रैवलर यूनियन के पास मिली टैक्सी
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में उस समय हड़कंप मच गया, जब मनाली बाईपास रोड के पास एक टैक्सी के अंदर युवक अचेत अवस्था में मिला। युवक के टैक्सी में अचेत मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना मनाली के तहत गत रात मनाली बाईपास रोड पर टैम्पो ट्रैवलर यूनियन के पास एक टैक्सी खड़ी थी। इसी टैक्सी के अंदर युवक अचेत हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया।
यह भी पढ़ें : सीएम सुक्खू को पद से हटाना चाहते हैं उनके अपने मंत्री.. इसलिए जा रहे दिल्ली, जयराम ठाकुर का तंज
परिजन मौके पर पहुंचे और पवन कुमार को तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल मनाली ले गए। अस्पताल में चिकित्साधिकारी ने युवक की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पवन कुमार (29) पुत्र जोग ध्यान निवासी नियोली, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। वहीं, परिजनों और मौके पर मौजूद गवाहों ने भी युवक की मौत को लेकर किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है। इसके बावजूद पुलिस ने मामले की जांच प्रक्रिया के तहत जरूरी कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार बिजली बिलों से भर रही खाली खजाना! सेस-शुल्क से 2151.46 करोड़ की हुई कमाई
पवन कुमार की मौत किस वजह से हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मौत का कारण स्पष्ट न होने के चलते पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : श्रीनयना देवी मंदिर की रसोई में पहुंचे SDM : पुजारी ने जड़े आरोप, क्या सच में भंग हुई परंपरा...जानें
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने घटना को लेकर जांच जारी रखी है।