#अपराध
July 26, 2025
हिमाचल में नशे ने उजाड़ दिया एक और घर: टैक्सी चलाकर पालता था परिवार, मां- पत्नी हुई बेसहारा
किराये के कमरे में मिली टैक्सी चालक की देह
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में बढ़ता नशा अब तक ना जाने कितने ही घरों को बर्बाद कर चुका है। नशे की ओवरडोज या नशे में गलत कदम उठाने से अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। नशे की ओवरडोज से तो कई युवाओं की मौत हुई है। अब कुछ इसी तरह का एक मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक नशे का आदी था।
दरअसल यह मामला कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मैक्लोडगंज का है। यहां बीते रोज शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। यहां एक टैक्सी चालक का शव उसके किराये के कमरे में मिला है। शख्स की मौत से जहां एक मां ने अपना बेटा खो दिया, वहीं पत्नी का सुहाग उजड़ गया है।
बताया जा रहा है कि 38 वर्षीय गौरव राणा उर्फ गंजू जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और पेशे से टैक्सी चालक था, का शव शुक्रवार सुबह मैक्लोडगंज स्थित उसके किराए के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मकान मालिक सुभाष चंद के अनुसार जब वह सुबह गौरव को देखने गए, तो वह बेहोशी की हालत में मिला। स्थिति को गंभीर समझते हुए उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : मंत्री नेगी की गाड़ी पर फेंका जूता, 58 लोगों पर FIR, अब जगत नेगी ने दिया बड़ा बयान
मैक्लोडगंज थाना प्रभारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गौरव को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू की। वहीं मृतक व्यक्ति की पत्नी और मां जो धर्मशाला के साथ लगते सुदेड़ गांव में किराये के मकान में रहते हैं को सूचना दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : मस्ती-मजाक करते नहर में डूब गए दो यार, 24 घंटे बाद भी खोज में जुटी NDRF टीम के हाथ खाली
पुलिस से मिली सूचना के बाद पत्नी और मां धर्मशाला अस्पताल पहुंची। दोनों ने मृतक की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आगामी जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार गौरव पिछले कुछ महीनों से मैक्लोडगंज में किराए पर रहकर टैक्सी चला रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गौरव शराब का आदी था। हालांकि परिजनों ने किसी साजिश या संदेह से इनकार किया है, लेकिन पुलिस फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस अब रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के असली कारणों का पता लग सके।
यह भी पढ़ें : HRTC बस में सवारी बनकर घुसा 'गुंडा' : ड्राइवर पर चलाए लात-घुसे, वर्दी तक फाड़ी
थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा। फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि नशा न सिर्फ इंसान के स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर सकता है। गौरव की मौत ने उसके परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है, और यह मामला समाज के लिए एक चेतावनी बन कर सामने आया है।