#अपराध

August 31, 2026

हिमाचल: 16 साल के लड़के को ट्राले में डालकर होशियारपुर ले गए, फिर घर के पास बेसुध मिला और..

अगले दिन सड़क किनारे बदहवास हालत में मिला

शेयर करें:

Himachal Pradesh News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लंबागांव क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र ट्यूशन के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह अचानक लापता हो गया। अगले दिन जब वह घर के पास बदहवास हालत में मिला तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

अगले दिन सड़क किनारे बदहवास हालत में मिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के लंबागांव थाना क्षेत्र की सोलबनेहड़ पंचायत से सामने आया है। यहां पर अभिलाष 27 अगस्त को ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह न तो ट्यूशन सेंटर पहुंचा और न ही वापस घर आया।  काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने 28 अगस्त को पुलिस में अभिलाष के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।

 

यह भी पढ़ें :  फौजी पिता की जुड़वां बेटियों ने बढ़ाया मान, एक साथ पास की NEET परीक्षा; दोनों बनेंगी डॉक्टर

 

इसी दिन शाम को अभिलाष घर से करीब 250 मीटर दूर सड़क किनारे बदहवास हालत में मिला। उसके पैरों में जूते नहीं थे। परिजन तुरंत उसे जयसिंहपुर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

छात्र ने बताई थी कुछ लोगों के साथ ले जाने की बात

इलाज के दौरान अभिलाष ने पुलिस को बताया था कि कुछ अनजान लोग उसे एक ट्राले में डालकर होशियारपुर ले गए थे। वहां उससे कुछ सामान पहुंचाने के लिए कहा गया। उसने यह भी बताया था कि उसे कोई नशीली चीज पिलाई गई थी। अभिलाष के अनुसार, इसके बाद उसे घर के पास सड़क पर छोड़ दिया गया।

 

यह भी पढ़ें :  खड्ड के पास टहलने निकले 2 युवक, अचानक करंट की चपेट में आए और हो गया अनर्थ

किडनी और लीवर को पहुंचा था नुकसान

डॉक्टरों के मुताबिक अभिलाष की किडनी और लीवर को नुकसान पहुंचा था। उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान 30 अगस्त को उसकी मौत हो गई। अब पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

साथ पढ़ने वाला एक और युवक भी हुआ था लापता

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि 27 अगस्त को इलाके से एक और युवक लापता हुआ था। वह अभिलाष के साथ उसी स्कूल में पढ़ता था और दोनों एक साथ ट्यूशन भी जाते थे। पुलिस को उसके मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिली थी, जिसके बाद उसे सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया। अब पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ग्लेशियर झील फटने से मचेगी तबाही- नदियों किनारे बसी 60 हजार आबादी, मंडराया खतरा

पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

डीएसपी संदीप शर्मा ने बताया कि अभिलाष की मौत की असली वजह अभी साफ नहीं है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख