#अपराध
October 26, 2025
हिमाचल पुलिस ने तोड़ी 4 नशा तस्करों की कमर, 2 के मकान पर चलाया बुलडोजर; दो कब्जे में लिए
नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 नशा तस्करों में दो महिलाएं
शेयर करें:

नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में बढ़ते नशा तस्करों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसी ही एक ऐतिहासिक कार्रवाई आज कांगड़ा जिला में नूरपुर पुलिस ने 4 नशा तस्करों पर की है। पुलिस ने इन चार नशा तस्करों की संपत्ति की जांच कर दो मकानों पर पीला पंजा चला दिया है, जबकि दो मकानों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
नशे के कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस नूरपुर ने आज एक बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए इंदौरा उपमंडल के भदरोया गांव में पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने चार कुख्यात नशा तस्करों की अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों पर बुलडोज़र चलाकर दो मकान जमींदोज़ कर दिए, जबकि दो अन्य को प्रशासनिक कब्जे में लिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति की दिशा में एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : दीवाली मनाकर ड्यूटी पर लौटा था जवान, आज परिवार को मिली शहादत की खबर
डिप्टी एसपी इंदौरा संजय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस की क्यूआरटी टीम भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में रविवार सुबह यह कार्रवाई शुरू की गई। जेसीबी मशीनों की मदद से सोनिया, परमजीत उर्फ गोशा, दीपक राज उर्फ दीपा और बुआ दास के अवैध मकानों को ढहा दिया गया।
यह भी पढ़ें : सिंगर हंसराज रघुवंशी को लॉरेंस-बराड़ गैंग ने दी धम*की , कहा- नहीं दिए पैसे तो कर देंगे खत्म!
पुलिस जांच में सामने आया था कि इन चारों तस्करों ने नशा तस्करी से कमाए गए काले धन से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर घरों का निर्माण किया हुआ था। राजस्व विभाग की निशानदेही में यह स्पष्ट हुआ कि मकान हिमाचल प्रदेश सरकार की भूमि पर थे। सक्षम प्राधिकारी द्वारा हिमाचल प्रदेश भू.राजस्व अधिनियम 1954 की धारा 163 और भूमि अभिलेख नियमावली 1992 के पैरा 13.15 के तहत बेदखली आदेश जारी किए गए, जिसके तहत यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
एसपी अशोक रत्न ने बताया कि इन चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि नशे के धंधे से अर्जित संपत्ति पर अब कोई भी कब्जा नहीं रख सकेगा। पुलिस का अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि तस्करों के अवैध साम्राज्य को भी नेस्तनाबूद किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुलिस की वर्दी पहन बाजार में घूमती मिली महिला, शादी के दूसरे दिन से चल रही थी फरार
इस महिला तस्कर के खिलाफ 9 मामले दर्ज हैं। इनमें चिट्टा तस्करी के कई मामले शामिल हैं। वर्ष 2017 से 2025 तक विभिन्न अवसरों पर सोनिया को नूरपुर, डमटाल और पठानकोट थानों में 2 ग्राम से लेकर 12 ग्राम तक हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया था।
कुख्यात नशा तस्कर गोशा पर 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 2017 से 2024 के बीच इस महिला को कई बार हिरोइन और नकदी सहित पकड़ा गया। वर्ष 2024 में इसे 11.63 ग्राम हेरोइन और 40,000 रुपए की नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया था।
यह भी पढ़ें: NEP लागू करने वाला पहला बोर्ड बना हिमाचल- अब इस पैटर्न से होगी पढ़ाई, CBSE को भी देगा टक्कर
दीपक के खिलाफ 4 मामले दर्ज हैं। इसमें वर्ष 2020 और 2023 के दौरान हेरोइन की बरामदगी और अन्य अपराधों के मामले शामिल हैं।
बुआ दास को पुलिस ने कई बार गिरफ्तार किया है। उस पर 4 मामले दर्ज हैं, जिनमें 2020 में 700 नशीले कैप्सूल और 2024 में 23.26 ग्राम हेरोइन बरामदगी शामिल है। पुलिस के अनुसार बुआ दास का बेटा रोहित भी 1 किलो से अधिक हेरोइन और करोड़ों रुपए नकद सहित पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: देश की रक्षा करते हुए सरहद पर शहीद हुआ हिमाचल का जवान, फूट-फूटकर रो रहा परिवार
एसपी अशोक रत्न ने स्पष्ट किया कि हिमाचल पुलिस की यह मुहिम अब और तेज की जाएगी। नशा तस्करी से जुड़ी हर अवैध संपत्ति की जांच की जाएगी। चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, पुलिस कानून के दायरे में सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस प्रशासन का यह कदम क्षेत्र में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के लिए एक स्पष्ट चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है कि अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अवैध संपत्तियों पर भी बुलडोज़र चलाया जाएगा।