#अपराध
November 7, 2025
हिमाचल: SDM ऑफिस के बाहर महिला ने बुजुर्ग का किया मुंह काला, जूतों की माला पहनाई
महिला का जमीनी विवाद में धोखाधड़ी का आरोप
शेयर करें:

देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल के कांगड़ा जिला के नए पुलिस जिला देहरा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने गुस्से में आकर एक बुजुर्ग व्यक्ति का मुंह काला कर दिया और उसे जूतों की माला पहना दी। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। मामला एसडीएम कार्यालय देहरा के ठीक बाहर का है, जहां देखते ही देखते अफरा.तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार महिला का आरोप है कि उक्त बुजुर्ग व्यक्ति ने जमीन या लेनदेन से संबंधित विवाद में उसके साथ धोखाधड़ी की है। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही थी, लेकिन कोई सुनवाई न होने पर उसका गुस्सा चरम पर पहुंच गया। गुस्से में आकर महिला सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंची और वहीं इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दे डाला।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सैन्य सम्मान से जवान चमन को दी अंतिम विदाई, पार्थिव देह से लिपट फूट-फूट रोईं पत्नी-बेटियां
घटना की जानकारी मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला और बुजुर्ग व्यक्ति दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस और कहासुनी भी हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला बुजुर्ग से भिड़ती हुई नजर आ रही है। वह बुजुर्ग को पकड़ कर उसके साथ बहसबाजी कर रही है। वहीं मौजूद लोगों की भारी भीड़ महिला और बुजुर्ग को छुड़वाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच एक पुलिस कर्मी भी महिला को बुजुर्ग से अलग करते हुए दिखाई दे रहा है।
देहरा एसडीएम कार्यालय के बाहर हुई यह घटना प्रशासनिक परिसर की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जहां आमतौर पर सरकारी कार्यवाही शांति से होती है, वहीं इस तरह की सार्वजनिक घटना ने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक मर्यादाओं की मर्यादा भी तोड़ी है। एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि ऐसी घटनाएं सरकारी प्रतिष्ठानों की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं। अगर हर विवाद सड़क पर सुलझाया जाने लगा तो समाज में अराजकता फैल जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि व्यक्तिगत विवादों को सुलझाने के लिए कानून का रास्ता अपनाना चाहिए, न कि भावनाओं के आवेश में आकर सार्वजनिक रूप से अपमानजनक हरकतें करनी चाहिए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सच्चाई सामने आने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।