#अपराध

August 18, 2025

हिमाचल: तीन दिन से खड़ी थी संदिग्ध स्कॉर्पियो, अंदर मिला कुछ ऐसा, देख फटी रह गई आंखें

नकली नंबर प्लेटों के अलावा मिला किसी बड़ी घटना को अंजाम देने का सामान

शेयर करें:

dehra Police News

देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश जैसे शांत और सुरक्षित माने जाने वाले राज्य में उस वक्त सनसनी फैल गई जब कांगड़ा जिले के देहरा पुलिस जिला अंतर्गत संसारपुर टैरेस क्षेत्र के पास एक लावारिस स्कॉर्पियो से हथियार, खून के दाग और जाली नंबर प्लेटें बरामद हुईं। यह गाड़ी पिछले दो.तीन दिनों से पंचपीरी मंदिर कुठेड़ा के समीप खड़ी थी और ग्रामीणों को संदिग्ध नजर आ रही थी। मंदिर के पुजारी की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना के चलते एक बड़ी अनहोनी को टाला जा सका।

गाड़ी में दराट, खून कारतूस के अलावा मिला और भी बहुत कुछ

घटना की सूचना मिलते ही थाना संसारपुर टैरस के प्रभारी संजय शर्मा टीम सहित मौके पर पहुंचे और गाड़ी की जांच की। स्कॉर्पियो (नंबर PB-02-AS-1744) की तलाशी में दो धारदार दरात, डंडे, हथौड़ा, एक जिंदा कारतूस के अलावा एक अतिरिक्त नंबर प्लेट (PB-29-N-9458) बरामद हुई। इसके अलावा गाड़ी में खून के धब्बे भी मिले] जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचली युवक की बंगाल में गई जान, परिजनों ने जताई इस बात की आशंका; मांगी निपष्पक्ष जांच

एसपी ने खुद संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देहरा मयंक चौधरी और डाडासीबा के डीएसपी स्वयं देर रात फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से मुआयना किया। पूरी रात गाड़ी और उसके आसपास के इलाके की जांच की गई। पुलिस ने साक्ष्य एकत्र कर वाहन को कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

हर एंगल से जांच, दो विशेष टीमें गठित

देहरा पुलिस ने मामले को लेकर थाना संसारपुर टैरस में भारतीय दंड संहिता की धारा 318 (4) BNS व आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी मयंक चौधरी के निर्देश पर दो विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। पहली टेक्निकल टीम गाड़ी की जाली नंबर प्लेट और उसके रजिस्ट्रेशन से जुड़ी तकनीकी जांच करेगी। दूसरी फील्ड इन्वेस्टिगेशन टीम घटनास्थल से जुड़े भौतिक साक्ष्य जुटाएगी और गाड़ी की गतिविधियों की पड़ताल करेगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचली महिला ने घर में खोल रखी थी नशे की दुकान, पुलिस ने दो साथियों संग की गिरफ्तार

आतंक या गैंग कनेक्शन की भी आशंका

संदिग्ध गाड़ी जिस स्थान पर मिली है, वह पंजाब सीमा के बेहद करीब है और यह इलाका औद्योगिक क्षेत्र संसारपुर टैरेस के नजदीक आता है। यहीं से माता चिंतपूर्णी को जोड़ने वाला पंजाब के तलवाड़ा से आने वाला मार्ग भी गुजरता है। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले को न सिर्फ आपराधिक, बल्कि अंतरराज्यीय या संभावित आतंक/गैंग नेटवर्क से भी जोड़कर देख रही है। पौंग बांध जैसे संवेदनशील क्षेत्र की निकटता भी जांच को और गंभीर बनाती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 150 भेड़-बकरियां मलबे में दबी, चार बेजुबानों पर गिरी आसमानी बिजली- महिला भी...

शांत हिमाचल में खौफ की दस्तक

हिमाचल प्रदेश को देश का शांत और सुरक्षित राज्य माना जाता है, लेकिन इस तरह से गाड़ी में “मौत का सामान” मिलने ने स्थानीय लोगों में भय पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस न पहुंचती, तो कोई गंभीर वारदात हो सकती थी। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसपी बोले – सच्चाई जल्द आएगी सामने

एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि – “गाड़ी से हथियार, खून से सने कपड़े और जाली नंबर प्लेटें बरामद हुई हैं। यह कोई सामान्य मामला नहीं है। हम हर एंगल से इसकी जांच कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पुलिस पूरी गंभीरता से साक्ष्य जुटा रही है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।”

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रात को सबने साथ में खाया खाना, सुबह परिजनों को कमरे में मिली बेटे की देह- पसरा मातम

संदिग्ध वाहन की सूचना तुरंत दें – पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी कोई संदिग्ध गाड़ी या गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। समय पर दी गई एक सूचना किसी बड़ी घटना को टाल सकती है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख