#अपराध
September 23, 2025
हिमाचल: कार में नशे की बड़ी डील करने निकले थे दो युवक, लाखों के चिट्टे और चरस के साथ धरे
कांगड़ा जिला के बैजनाथ पुलिस ने नशे की खेप के साथ पकड़े दो युवक
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश भी अब नशे की गिरफ्त में आ चुका है। प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं गुजर रहा है, जब कहीं ना कहीं से कोई नशा तस्करी का मामला रिपोर्ट ना किया गया हो। ऐसी ही एक बड़ी नशे की डील का कांगड़ा जिला की पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। इन युवकों के पास से ना सिर्फ लाखों का चिट्टा बरामद हुआ है। बल्कि चरस की खेप भी मिली है।
यह बड़ी सफलता कांगड़ा जिला के बैजनाथ पुलिस थाना को मिली है। पुलिस ने रात के समय नाकाबंदी कर एक संदिग्ध कार को चेकिंग के लिए रोका था, लेकिन पुलिस को यह अंदाजा भी नहीं था कि इस कार में नशे का सामान मिलेगा। पुलिस ने जब कार को चेकिंग के लिए रोका तो उसमें सवार दो युवकों के पसीने छुटने लगे। जिसे देख पुलिस का शक गहरा गया और पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेने का फैसला लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की ऊंची चोटी पर 4 युवकों ने फहराया तिरंगा, महज 6 दिन में पूरा किया कठिन ट्रैक
जानकारी के अनुसार बैजनाथ थाना की एक विशेष पुलिस टीम नियमित गश्त और यातायात चैकिंग पर थी। इसी दौरान गणखेतर क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास एक संदिग्ध ऑल्टो कार (HP 01M-5459) को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर कार से 32.20 ग्राम चिट्टा और 286.80 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने नशीले पदार्थों को जब्त करते हुए मौके पर ही दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कर्म सिंह (25), निवासी गांव सनेड तहसील पधर जिला मंडी और कर्ण (20), निवासी गांव लखवान तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें : थूक लगाकर रोटी बनाने वाले ढाबे की बिरयानी भी अब अनसेफ घोषित, जानें उसमें क्या मिला
बैजनाथ पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसका गंतव्य क्या था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। इस पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए पुलिस की टीमें गहनता से छानबीन में जुट गई हैं।
हाल के वर्षों में हिमाचल प्रदेश जो अपनी शांत वादियों और सांस्कृतिक समृद्धि के लिए जाना जाता है, अब नशे के फैलते जाल से जूझ रहा है। पहले जहां नशे की गतिविधियां सीमित इलाकों तक थीं, अब यह नेटवर्क गांव-गांव और स्कूल-कॉलेजों तक पहुंच चुका है। विशेष रूप से युवाओं में चिट्टा (हेरोइन), चरस और सिंथेटिक ड्रग्स की बढ़ती लत एक गंभीर सामाजिक संकट का संकेत देती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस की हिलने लगी नींव: पूर्व मंत्री ने उठाए सवाल, बोले- फील्ड में शून्य हो रही पार्टी
जिला कांगड़ा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नशे के अवैध व्यापार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। हम तस्करों की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। समाज से इस बुराई को मिटाने के लिए पुलिस और जनता दोनों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त हैए तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।