#अपराध
May 4, 2026
हिमाचल से जालंधर पढ़ने गई थी 17 वर्षीय लड़की : रिश्तेदार ने किया गंदा काम, कई बार दी धमकियां
दोबारा गलत काम करने की दी धमकियां
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। इसी बीच जिला कांगड़ा से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के बैजनाथ से सामने आया है। यहां पर एक 17 साल की नाबालिग लड़की ने अपने ही दूर के रिश्तेदार पर दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। यह मामला पहले जालंधर में दर्ज हुआ था, जिसे अब बैजनाथ थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है।
बता दें कि पीड़िता कांगड़ा की रहने वाली है और इस समय जालंधर में पीजी में रहकर एयर होस्टेस की ट्रेनिंग कर रही है। लड़की का कहना है कि अप्रैल 2026 में उसके बैजनाथ निवासी रिश्तेदार ने उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया। इसके बाद उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह काफी डर गई।
इतना ही नहीं, मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। पीड़िता के अनुसार, पिछले शुक्रवार को आरोपी उसके जालंधर वाले PG के बाहर भी पहुंच गया। वहां उसने फोन करके फिर से धमकी दी कि वह उसके साथ दोबारा गलत करेगा, उसे परेशान करेगा और सबके सामने उसकी बेइज्जती करेगा।
डरी हुई लड़की ने तुरंत पुलिस से मदद मांगी और 112 व 1098 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज किया गया। बैजनाथ थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
ASP कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है। आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।