#अपराध

May 12, 2025

हिमाचल: राशन डिपो से खरीदी चने की दाल, पैकेट खोला तो अंदर मिला चूहा

सीएम सुक्खू के गृह जिला का है मामला

शेयर करें:

Hamirpur sujanpur Depo raton rat

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हमीरपुर जिला के सुजानपुर की चमियाना पंचायत में एक घ्ज्ञर में सस्ते राशन के डिपो से खरीदी चने की दाल के बंद पैकेट में से मृत चूहा मिलने का मामला सामने आया है। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

वायरल हो रहा वीडियो

वायरल वीडियो में चमियाना पंचायत के वार्ड नंबर तीन की महिला पिंकी देवी ने दावा किया कि उसने यह चने की दाल का पैकेट खाद्य आपूर्ति विभाग के सस्ते राशन डिपो से खरीदा था। महिला ने बताया कि जब उसने खाना बनाने के लिए चने की दाल का यह पैकेट खोला तो उसमें उसे एक मृत चूहा मिला। वायरल वीडियो में कुछ अन्य महिलाएं भी दिख रही हैं।

 

यह भी पढ़ें : ऑपरेशन सिंदूर : हिमाचल के 2 जवानों ने बॉर्डर पर दिखाया पराक्रम, लोग कर रहे सलामती की दुआ

डिपो से खरीदा था चने की दाल का पैकेट

यह महिलाएं प्रदेश सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग को कोस रही हैं। महिलाओं का कहना है कि डिपो में मिलने वाली इस तरह की दाल से आम जनता का स्वास्थ्य खराब होगा। महिला ने यह भी दावा किया है कि उसने जब इस बंद पैकेट की दाल से कुछ दाने मुंह में चबाए तो उसे उल्टियां होने लगीं। महिला ने बताया कि उसने यह चने की दाल का पैकेट पिछले महीने ही डिपो से खरीदा था। 

राशन की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

यह महिलाएं सिविल सप्लाई की ओर से दिए जाने वाले राशन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठा रही हैं। महिलाओं ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि डिपो में उचित गुणवतत्ता का राशन ही उपलब्ध करवाया जाए और इस मामले की भी नियमानुसार उचित जांच करवाई जाए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के सरकारी टीचर ने सेना को समर्पित की सालभर की सैलरी, देश के लिए बने मिसाल

 

हालांकि महिला द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही हैं, यह तो हम नहीं बता सकते। क्योंकि महिला ने अभी ना तो इस मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन और ना ही खाद्य आपूर्ति विभाग में की है। लेकिन अगर महिला द्वारा लगाए जा रहे आरोप सही हैं और चने की दाल में मृत चूहा पाया गया है तो यह एक गंभीर विषय है। जिस पर सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग को सख्त कदम उठाना चाहिए।

डिपो में सस्ते दामों पर मिलता है राशन

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध करवाने के लिए सरकार खाद्य आपूर्ति विभाग के डिपो में लोगों को सब्सिडी पर चार दालों के अलावा रिफाइंड, तेल, नमक, चावल और आटा उपलब्ध करवाती है। लेकिन डिपो में इस तरह से खराब राशन के वितरण से लोगों के स्वास्थ्य पर इसका विपरित प्रभाव पड़ेगा। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: 606 परिवारों की टूटी उम्मीद, पार्वती परियोजना में गंवा दिया सब कुछ पर नहीं मिला रोजगार

क्या कहते हैं सिविल सप्लाई के अधिकारी

वहीं इस मामले में सिविल सप्लाई हमीरपुर के एरिया मैनेजर संजीव वर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। अभी तक ऐसी कोई शिकायत या वीडियो उनको नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत आती है तो मामले की गंभीरता को देखते हुए सैंपल लेकर आगामी जांच की जाएगी।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख