#विविध

May 12, 2025

ऑपरेशन सिंदूर : हिमाचल के 2 जवानों ने बॉर्डर पर दिखाया पराक्रम, लोग कर रहे सलामती की दुआ

पूरे क्षेत्र में दुआओं का माहौल

शेयर करें:

Operation Sindoor

ऊना।जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाके में चलाए गए ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान भारतीय सेना और सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तानी सेना की घुसपैठ और फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब दिया। इस भीषण मुठभेड़ में हिमाचल प्रदेश की वीर भूमि ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र के दो जांबाज सपूत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 

गुरनाम सिंह रोमी घायल

ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव छेत्रा पंचायत डीटा निवासी भारतीय सेना के जवान सरदार गुरनाम सिंह रोमी, ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान राजोरी सेक्टर में पाकिस्तान की गोलाबारी में घायल हो गए हैं। उनके घायल होने की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में चिंता और गर्व का माहौल बन गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर पहुंची शहीद पवन जरियाल की पार्थिव देह, मां-पत्नी बेसुध; पिता हुए निशब्द

गुरुद्वारा साहिब में की गई विशेष अरदास

गांव डीटा स्थित गुरुद्वारा साहिब में प्रो. राम कुमार के नेतृत्व में विशेष अरदास का आयोजन किया गया। इस अरदास में क्षेत्र के लोगों ने गुरनाम सिंह की सलामती, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और समस्त भारतीय सैनिकों की सुरक्षा के लिए दुआएं मांगीं।

प्रो. राम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना के जवानों की वीरता, शौर्य और पराक्रम के सम्मान में यह अरदास की गई है। उन्होंने कहा कि गुरनाम सिंह देश की रक्षा करते हुए घायल हुए हैं, ऐसे में समूचा क्षेत्र उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें : भारत-पाक संघर्ष में हिमाचल का जवान शहीद, J&K के राजौरी में थे तैनात

गौरव और चिंता का मिला-जुला माहौल

गांव में जहां एक ओर गुरनाम सिंह के साहस और देशभक्ति को लेकर गर्व की भावना है, वहीं उनके घायल होने की खबर से हर कोई चिंतित और भावुक भी है। लोगों का कहना है कि छेत्रा पंचायत का यह बेटा हमेशा से निडर, अनुशासित और समर्पित स्वभाव का रहा है और आज उसने वही भावनाएं देश की सीमा पर भी दिखाईं।

व्यास देव संधू भी घायल

सीमा सुरक्षा बल के व्यास देव संधू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सैनिक ऊना के हरोली क्षेत्र के निवासी हैं और देश सेवा के लिए सीमा पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई मोर्टार और स्नाइपर फायरिंग में ये दोनों जवान घायल हुए।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख