#अपराध
April 11, 2026
हिमाचल: पहले चिट्टे संग पकड़ा गया व्यक्ति, फिर कोर्ट से भागने की कोशिश- पुलिस ने कसा शिंकजा
हेलीपैड के पास दिखा संदिग्ध व्यक्ति
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। लगातार गश्त और नाकाबंदी के जरिए नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां नशे की खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के भंजराड़ू से सामने आया है। यहां पर पुलिस गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान भंजराड़ू हेलीपैड के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को उस पर शक हुआ।
यह भी पढ़ें : महिलाओं पर मेहरबान सुक्खू सरकार, बाल देखभाल केंद्र में मिल सकती है नौकरी- यहां जानें डिटेल
शक के आधार पर व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नशा जब्त किया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान शाहिद खान उर्फ हैप्पी उम्र 34 साल पुत्र वजीर मुहम्मद, निवासी गांव ढांजू, डाकघर खुशनगरी के रूप में हुई है।

पुलिस नेआरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया जब शुक्रवार को पुलिस टीम आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। हालांकि, साथ चल रहे पुलिस जवान पहले से ही सतर्क थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवती को ले गया अंजान जगह, धोखे से बनाया वीडियो- ब्लै*कमेल कर बार-बार किया गंदा काम
उन्होंने तुरंत पीछा किया और कुछ ही दूरी पर आरोपी को दोबारा पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि व्यक्ति नशे की खेप कहां से लाया था और आगे किसे देने वाला था।
SP चम्बा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : HRTC की सभी बसों में चिप लगवाएगी सरकार: इमरजेंसी बटन दबाते ही तुरंत पहुंचेगी मदद
उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई भी व्यक्ति नशे के कारोबार या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।