#अपराध
April 27, 2025
हिमाचल: घर से लापता हुई लड़की, मां बोली-मेरी बेटी को भगा ले गया है युवक, ढूंढ कर ला दो
सुबह घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी
शेयर करें:
चंबा। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में आए दिन लड़कियों और महिलाओं के शोषण की खबरें सामने आती रहती हैं। पिछले कुछ दिनों से इस तरह की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। ज्यादातर प्रदेश की कम उम्र की भोली भाली लड़कियां शातिर युवकों के झूठे प्यार के जाल में फंस जाती हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के चंबा जिला से सामने आया है।
चंबा जिला के पुलिस थाना किहार में एक महिला ने थाने पहुंच कर अपनी बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई है। महिला का कहना है कि उसकी बेटी को एक युवक भगा कर अपने साथ ले गया है। महिला को बेटी के साथ किसी अनहोनी का डर सता रहा है। जिसके चलते महिला ने किहार पुलिस थाना में पहुंच कर उसकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढ कर वापस लाने की गुहार लगाई है।
पुलिस थाना किहार में महिला ने अपनी बेटी की गुमशुदकी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वहीं महिला ने एक युवक पर उनकी बेटी को भगाने के आरोप भी लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर लड़की की तलाश में अभियान छेड़ दिया है। लापता लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी शुक्रवार को घर से निकली थी, लेकिन वह शाम तक वापस नहीं लौटी।
महिला ने बताया कि उसकी बेटी का फोन नंबर भी बंद आ रहा है। महिला के अनुसार जब उसने बेटी की तलाश शुरू की तो उसे पता चला कि उसकी बेटी को एक युवक अपने साथ भगा कर ले गया है। महिला ने पुलिस से उसकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है।
वहीं महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। लड़की की तलाश के लिए आसपास के पुलिस थानों से भी संपर्क किया गया है।
यह भी पढ़ें : कानून की उड़ी धज्जियां- शिमला में स्कूल के नजदीक खोल दिए शराब ठेके, विरोध शुरू
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है, जब एक लड़की अपने घर में बिना कुछ बताए कहीं चली गई हो। इस तरह के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। प्रदेश की भोली भाली बेटियों को कुछ शातिर युवक अपने झूठे प्यार के जाल में फांस लेते हैं और फिर उन्हें अपने साथ भगा कर ले जाते हैं। कई बार तो यह युवक इन लड़कियों को झूठे सपने दिखाकर उनके साथ शारीरिक संबंध तक बना लेते हैं और बाद में उन्हें छोड़ देते हैं।