#अपराध
September 21, 2025
हिमाचल: महिला को लिफ्ट मांगना पड़ा भारी, सुनसान जगह ले जाकर टैक्सी चालक ने किया मुंह काला
महिला ने पुलिस थाना में दर्ज करवाया मामला, जांच में जुटी पुलिस
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला को टैक्सी चालक से लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। महिला ने जिस टैक्सी चालक से लिफ्ट ली थी, उसने ही सुनसान जगह पर ले जाकर महिला के साथ दुराचार कर इंसानियत को शर्मसार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह शर्मनाक घटना झंडूता थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटित हुई। पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 20 सितम्बर को वह अपने निजी कार्य से पटवार घर गई थी और वहां से वापस बिलासपुर लौटने के लिए उसने रास्ते में एक टैक्सी से लिफ्ट ली। शुरू में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे ही टैक्सी कोहिना के समीप पहुंची, चालक का रवैया बदल गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल ने खोया एक और जवान, डेढ़ साल पहले हुआ था बेटे का निधन- परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
महिला के अनुसार चालक ने पहले उससे छेड़छाड़ शुरू की और जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म कर दिया। यह घटना न केवल एक महिला के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज के उस ढांचे को भी तोड़ती है, जिसमें एक अजनबी पर भरोसा करना आम बात थी।
घटना की जानकारी मिलते ही झंडूता पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
यह मामला हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ रहे ऐसे अपराधों की एक और कड़ी है, जो बताता है कि अब यहां की महिलाएं भी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं हैं। जहां पहले लोग निर्भीक होकर दूसरों से मदद मांगते थे, अब वही मदद विश्वासघात में बदलती जा रही है। हिमाचल की सड़कों पर अब हर महिला के मन में यह डर समाने लगा है कि जिस पर वह भरोसा कर रही है, कहीं वही उसकी इज्जत को तार.तार न कर दे। ऐसे में समाज, प्रशासन और सरकार को मिलकर न केवल सख्त कानूनों को लागू करना होगाए बल्कि जागरूकता का माहौल भी बनाना होगा ताकि महिलाएं खुद को अकेला और असुरक्षित महसूस न करें।
देवभूमि कहे जाने वाले इस प्रदेश में अब विश्वास की डोर धीरे.धीरे कमजोर पड़ती जा रही है। यहां महिलाएं और युवतियां जिन पर भरोसा करके अपनी राहें तय करती हैं, वही भरोसा अब उनके लिए खतरा बनता जा रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार महिलाओं और युवतियों के साथ दुराचार करने वाले अधिकतर आरोपी उनकी जान पहचान के ही होते हैं।