#अपराध
May 6, 2026
हिमाचल में सरकारी नौकरी का सौदा- बजरंग दल ने 14 लाख की डील करते रंगे हाथ पकड़ा ठग
CCTV कैमरे में रिकॉड हुई पूरी वारदात
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने के लिए युवा दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन कुछ शातिर लोग आसान तरीके से सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनके साथ ठगी कर देते है। ऐसा ही एक मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है, जहां होम गार्ड भर्ती के नाम पर दो युवकों से करीब 14 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला पिछले साल का है। यहां देहरा (कांगड़ा) का रहने वाला एक शख्स, जो लंबे समय से चंडीगढ़ में रह रहा था। उसने हिमाचल प्रदेश में हुई होम गार्ड भर्ती के दौरान आरोपी ने दोनों युवकों से संपर्क किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि वह उनकी नौकरी पक्की करवा देगा।
इसके बदले उसने करीब 14 लाख रुपये की डील तय की। नौकरी के लालच में आकर युवक उसकी बातों में आ गए और उन्होंने आधी रकम उसे दे भी दी। लेकिन समय बीतने के बाद न तो उनकी भर्ती हुई और न ही आरोपी ने पैसे वापस किए, जिससे दोनों युवक परेशान हो गए।
काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब उन्हें लगा कि उनके साथ ठगी हो चुकी है, तो उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क किया। इसके बाद बजरंग दल ने पूरी योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने की तैयारी की। कार्यकर्ताओं ने आरोपी को फोन कर बैहना जट्टा में मिलने के लिए बुलाया और यह कहा कि वहां कुछ और युवक भी हैं, जो नौकरी लगवाने के लिए तैयार हैं और पैसे देने को भी राजी हैं।
योजना के तहत आरोपी को जाल में फंसाने के लिए पहले ही मौके पर कैमरे लगा दिए गए थे, ताकि पूरी घटना रिकॉर्ड हो सके। जैसे ही आरोपी तय स्थान पर पहुंचा, वहां मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉड हो गई।
इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद आरोपी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है।
SP बिलासपुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने लिखित रूप में यह भी दिया है कि वह दो महीने के अंदर दोनों युवकों के पैसे लौटा देगा। हालांकि पुलिस अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी ने किसी और के साथ ठगी तो नहीं की है।