#विविध
May 6, 2026
हिमाचल : दूसरी शादी कर रही थी पत्नी, बच्चों के साथ मंडप में पहुंचा पहला पति- हुआ हंगामा
पहले पति को देख नए दूल्हे संग मंडप छोड़ भाग गई पत्नी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अचानक विवाद में बदल गया- जब दुल्हन का पहला पति मौके पर पहुंच गया। इस घटनाक्रम से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हालात ऐसे बने कि चल रही शादी की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं। इतना ही नहीं दूल्हा और दुल्हन बिना फेरे लिए ही वहां से चले गए। इस मामले की पूरे इलाके में काफी चर्चा हो। रही है।
मामला कांगड़ा जिले के बैजनाथ उपमंडल में स्थित श्री चामुंडा मंदिर परिसर से सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिला की पहली शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है- जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
इसी दौरान महिला दूसरी शादी करने के लिए मंदिर पहुंची थी, जहां यह पूरा घटनाक्रम सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी की रस्में जारी थीं, तभी पहले पति को इसकी भनक लग गई और वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। उसे अचानक सामने देखकर वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई।
दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने लगी और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाने की बात कही गई, जिसके बाद दूल्हा-दुल्हन ने मौके से निकलना ही उचित समझा।
पहले पति ने आरोप लगाया है कि उसने पहले ही पालमपुर थाने में इस मामले को लेकर शिकायत दी थी, लेकिन वहां से उसे बैजनाथ थाने भेज दिया गया। वहीं, बैजनाथ में भी मामला पालमपुर क्षेत्र का बताकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उसके मुताबिक अगर समय रहते कार्रवाई होती तो यह स्थिति पैदा नहीं होती।
इस पूरे विवाद के बीच सबसे अधिक चिंता का विषय महिला के दो मासूम बच्चों का भविष्य बन गया है। पारिवारिक कलह का असर बच्चों पर पड़ना स्वाभाविक माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में जल्द समाधान और स्पष्ट कानूनी प्रक्रिया बेहद जरूरी है, ताकि परिवार और खासकर बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।